पुलिस लाइन में दो दिवसीय साइबर एवं सर्विलांस प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन

बहराइच। जनपद पुलिस को आधुनिक तकनीक, साइबर अपराध एवं सर्विलांस के क्षेत्र में और अधिक दक्ष एवं सक्षम बनाने के उद्देश्य से पुलिस लाइन में 7 एवं 8 सितंबर को दो दिवसीय साइबर एवं सर्विलांस प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। मंगलवार को कार्यशाला का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

प्रशिक्षण कार्यशाला में मुंबई से आमंत्रित साइबर एवं सर्विलांस विशेषज्ञ मनोज दुबे एवं केतन देसाई ने जनपद पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साइबर अपराध और सर्विलांस से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर प्रशिक्षण दिया।
कार्यशाला में जनपद के सभी थानों के अधिकारी एवं कर्मचारी, सर्विलांस सेल तथा साइबर सेल के अधिकारी-कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया। विशेषज्ञों ने आधुनिक तकनीकी संसाधनों के प्रभावी एवं विधिसम्मत उपयोग, तकनीकी सूचनाओं के विश्लेषण, साइबर अपराधों की जांच तथा सर्विलांस से संबंधित महत्वपूर्ण एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान की।

प्रशिक्षण का उद्देश्य पुलिसकर्मियों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने, साइबर अपराधों की प्रभावी रोकथाम एवं विवेचना तथा आधुनिक तकनीक के बेहतर उपयोग के माध्यम से पुलिसिंग को और प्रभावी बनाना रहा।
समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव एवं अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दुर्गा प्रसाद तिवारी ने प्रशिक्षण प्रदान करने वाले विशेषज्ञ मनोज दुबे एवं केतन देसाई का आभार व्यक्त करते हुए उन्हें सम्मानित किया।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि वर्तमान समय में साइबर एवं तकनीकी अपराधों की प्रकृति लगातार बदल रही है। ऐसे में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों का तकनीकी रूप से दक्ष और अपडेट रहना बेहद जरूरी है। इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम पुलिस बल की कार्यक्षमता बढ़ाने के साथ अपराध नियंत्रण और विवेचना की गुणवत्ता में सुधार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि जनपद पुलिस के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आधुनिक तकनीक और नवीनतम कार्यप्रणाली से लगातार अपडेट रखने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
