डीएम ने जागरूकता रैली को हरी झण्डी दिखाकर राष्ट्रीय पोषण माह का किया शुभारम्भ

बच्चों, किशोरियों एवं महिलाओं को पोषण में सुधार एवं जनसहभागिता के उद्देश्य से मनाया जा रहा राष्ट्रीय पोषण माह : डीएम-

श्रावस्ती। देश के प्रधानमंत्री के विजन सुपोषित भारत के अन्तर्गत प्रदेश के मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार प्रदेश में 9वां राष्ट्रीय पोषण माह अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत आज जनपद में राष्ट्रीय पोषण माह का जिलाधिकारी अन्नपूर्णा गर्ग एवं मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद ने कलेक्ट्रेट परिसर में जागरूकता रैली को हरी झण्डी दिखाकर अभियान का शुभारम्भ किया।

यह अभियान 09 सितम्बर से 08 अक्टूबर, 2026 तक चलेगा। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चों, किशोरियों एवं महिलाओं में पोषण के स्तर में सुधार एवं जनसहभागिता के उद्देश्य से राष्ट्रीय पोषण माह प्रत्येक वर्ष सितम्बर माह में मनाया जाता है,जिसका आज शुभारम्भ किया गया है। इस वर्ष राष्ट्रीय पोषण माह की अवधारणा ‘हमारी आंगनवाड़ी, हमारी जिम्मेदारी’ निर्धारित की गई है।

जिसके लिए समग्र प्रयास की आवश्यकता है, ताकि पोषण माह कार्यक्रम को सफल बनाया जा सके। पोषण अभियान के अन्तर्गत 06 वर्ष से कम आयु के बच्चे, गर्भवती महिलाओं, धात्री महिलाओं, किशोरी बालिकाओं को केन्द्रित करते हुए पोषण स्तर में सुधार किया जाएगा। पोषण सम्बन्धी प्रचार-प्रसार सामग्री, अनुपूरक पुष्टाहार आदि का वितरण कराया जायेगा तथा सैम/मैम बच्चों के चिन्हांकन हेतु अभियान चलाया जायेगा। उन्होने कहा कि इसके लिए सभी सम्बन्धित विभागों को निर्देश भी दिये गये हैं।

इसके अलावा योग एवं आयुष (बच्चों, किशोरी, बालिकाओं तथा महिलाओं को केन्द्रित करते हुए योग सत्रों का आयोजन) तथा पोषण सम्बन्धी प्रचार-प्रसार सामग्री व अनुपूरक पुष्टाहार आदि का वितरण किया जाएगा। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी प्रवीण यादव, जिला कार्यक्रम अधिकारी अरविंद रस्तोगी, यूनिसेफ के प्रतिनिधि अनुराग सिंह सहित अन्य हेल्थ पार्टनर्स, आंगनबाड़ी कार्यकत्री एवं महिलाएं उपस्थित रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *