गणेश पूजा व विसर्जन को लेकर डीएम-एसपी ने किया पैदल गश्त, सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

बहराइच। गणेश पूजा एवं आगामी गणेश प्रतिमा विसर्जन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिलाधिकारी बहराइच राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने नगर क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था का जायजा लिया।

पैदल गश्त के दौरान दोनों अधिकारियों ने नगर क्षेत्र का भ्रमण करते हुए प्रमुख गणेश प्रतिमा स्थापना स्थलों का निरीक्षण किया। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, आवागमन और भीड़भाड़ की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

डीएम और एसपी ने गणेश प्रतिमा स्थापना स्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने त्यौहार के दौरान शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने तथा आमजन की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।

ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को सतर्कता और सजगता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश दिए गए, ताकि पूजा एवं प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्रा सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं पुलिस बल मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *