कोंचा कासिमपुर के लवकुश की गई जान, मौके पर जुटी भीड़, परिजनों में मचा कोहराम

कर्नलगंज,गोंडा। कोतवाली क्षेत्र के अन्तर्गत गोंडा- लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। हाईवे पर कोंचा कासिमपुर के पास श्रद्धा ट्रांसपोर्ट के निकट सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से टकराकर एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान लवकुश पुत्र भगवान दास निवासी कोंचा कासिमपुर के रूप में हुई है।
घटना के बाद से परिजनों में कोहराम मचा है और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात लवकुश किसी काम से जा रहा था। इसी दौरान हाईवे पर अंधेरे में बिना किसी संकेतक व रिफ्लेक्टर के खड़ा ट्रेलर उसे दिखाई नहीं दिया और उसकी बाइक सीधे ट्रेलर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना कर्नलगंज पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि गोंडा-लखनऊ हाईवे पर जगह-जगह ट्रेलर व ट्रक अवैध रूप से खड़े रहते हैं, जिससे आए दिन हादसे होते हैं। हाईवे पर न तो पर्याप्त लाइट है और न ही पार्किंग की व्यवस्था, फिर भी पुलिस और आरटीओ विभाग कोई कार्रवाई नहीं करता। ग्रामीणों ने हाईवे पर खड़े वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
