गौ आश्रय स्थलों का निरीक्षण, छोटे गोवंश के लिए टीन शेड की मरम्मत के निर्देश

आजमनगर अस्थाई गौ आश्रय स्थल में नोडल अधिकारी ने परखी व्यवस्थाएं, राजा का रामपुर कान्हा आश्रय स्थल में हरा चारा देने पर जोर

अलीगंज। जनपद एटा के विकासखंड अलीगंज क्षेत्र में जिला स्तरीय नोडल अधिकारी एवं जिला पूर्ति अधिकारी कमलेश कुमार गुप्ता ने आजमनगर स्थित अस्थाई गौ आश्रय स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौशाला में गोवंश के लिए उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान छोटे गोवंश के लिए बनाए गए टीन शेड की स्थिति का भी जायजा लिया गया। जिला पूर्ति अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को टीन सेट की आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए, ताकि छोटे गोवंश को मौसम से बचाव के लिए पर्याप्त सुरक्षित स्थान उपलब्ध हो सके।

उन्होंने निर्देश दिए कि गौ आश्रय स्थल में किसी भी गोवंश के बीमार होने की स्थिति में उसे तत्काल चिकित्सकीय उपचार उपलब्ध कराया जाए। गोवंश के स्वास्थ्य को लेकर किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने और नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में कान्हा आश्रय स्थल राजा का रामपुर का भी निरीक्षण किया गया। यहां नोडल अधिकारी एवं तहसीलदार अलीगंज संजय कुमार ने गौशाला की व्यवस्थाओं को परखा। उन्होंने गोवंश के लिए नियमित रूप से हरा चारा उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित कर्मचारियों को दिए। साथ ही आश्रय स्थल में साफ-सफाई और गोवंश की देखभाल की व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान डिप्टी सीवीओ अलीगंज डॉ. रविकांत भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने गौ आश्रय स्थलों में गोवंश के लिए चारा, स्वास्थ्य और संरक्षण से संबंधित व्यवस्थाओं को नियमित रूप से दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *