अलीगंज में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, 25-25 हजार के दो इनामी गिरफ्तार

जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में लगने का दावा । दूसरा पीछा कर पकड़ा

अलीगंज (एटा)। थाना अलीगंज क्षेत्र में शुक्रवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरे बदमाश को पुलिस टीम ने पीछा कर गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, तीन खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल और 2520 रुपये बरामद किए हैं।

चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भागे बदमाश

पुलिस के अनुसार, 9 अक्टूबर की रात करीब 11:50 बजे ग्राम नगला किस्स के पास एटा रोड पर पुलिस टीम संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एटा की तरफ से बिना नंबर प्लेट की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्ति आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो बाइक सवार बदमाश पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए कैल्ठा रोड की तरफ भागने लगे।

कच्चे रास्ते पर गिरी मोटरसाइकिल, पुलिस ने की जवाबी फायरिंग

पुलिस टीम ने बदमाशों का पीछा किया। आरोपी कैल्ठा रोड से ईदगाह मार्ग की तरफ मुड़ गए। कुछ दूरी पर कच्चे रास्ते पर मुड़ते समय उनकी मोटरसाइकिल गिर गई। इसके बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरे को पुलिस टीम ने पीछा कर पकड़ लिया।

घायल बदमाश जिला अस्पताल में भर्ती

पुलिस ने घायल आरोपी की पहचान रामपाल उर्फ रामवीर और दूसरे आरोपी की पहचान बिजेन्द्र उर्फ बागड़ी, निवासी कासगंज के रूप में की है। घायल रामपाल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया।

अलीगंज क्षेत्र में चोरी की घटनाओं में शामिल होने की बात

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अलीगंज क्षेत्र में पूर्व में चोरी की घटनाएं करने की बात स्वीकार की है। पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

थाना प्रभारी के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई थाना प्रभारी अलीगंज रुपेश कुमार वर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, 315 बोर के चार जिंदा कारतूस और तीन खोखा कारतूस, एक अपाचे मोटरसाइकिल तथा 2520 रुपये बरामद किए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *