बहराइच में मिशन शक्ति 6.0 का शुभारंभ, एमएलसी प्रज्ञा त्रिपाठी, डीएम और एसपी ने महिला सशक्तिकरण रैली को दिखाई हरी झंडी

महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान व स्वावलंबन के प्रति किया जागरूक, हेल्पलाइन सेवाओं की दी जानकारी

बहराइच। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति के षष्ठम चरण (फेज-6.0) का सोमवार को रिजर्व पुलिस लाइन, बहराइच में भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण पैदल रैली निकाली गई, जिसे एमएलसी प्रज्ञा त्रिपाठी, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं मिशन शक्ति के नोडल अधिकारी दुर्गा प्रसाद तिवारी, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, क्षेत्राधिकारी एवं सह-नोडल मिशन शक्ति हर्षिता तिवारी, क्षेत्राधिकारी लाइन/पयागपुर कनिष्क आर. जामकर सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य व्यक्ति और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

रैली में पीआरडी, होमगार्ड, आशा कार्यकर्ताओं, एएनएम, महिला चिकित्सकों एवं नर्सों, अध्यापिकाओं, महिला सफाई कर्मियों, स्कूल-कॉलेज की छात्राओं, महिला खिलाड़ियों और सामाजिक संस्थाओं से जुड़ी महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली में मां दुर्गा के स्वरूप में शामिल एक बालिका आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही।

हेल्पलाइन सेवाओं की दी गई जानकारी

रैली के माध्यम से महिलाओं एवं बालिकाओं को नारी सुरक्षा, सम्मान, स्वावलंबन, लैंगिक समानता और कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही उत्तर प्रदेश पुलिस की विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं एवं महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। इनमें वूमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 और साइबर अपराध हेल्पलाइन 1930 प्रमुख हैं।

रिजर्व पुलिस लाइन से शुरू हुई रैली अस्पताल चौराहा होते हुए पुनः रिजर्व पुलिस लाइन पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान मिशन शक्ति और महिला सशक्तिकरण से संबंधित गीत एवं जिंगल प्रसारित किए गए। पोस्टर और बैनर के माध्यम से भी आमजन को जागरूकता का संदेश दिया गया।

महिलाओं को निर्भीक होकर शिकायत दर्ज कराने के लिए किया प्रेरित

मिशन शक्ति फेज-6.0 के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसके साथ ही छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध अथवा अन्य आपराधिक घटनाओं का सामना करने पर बिना भय पुलिस से सहायता लेने और शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

महिला सुरक्षा से संबंधित शिकायतों को संवेदनशीलता और प्राथमिकता के आधार पर सुनने तथा नियमानुसार त्वरित एवं प्रभावी विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर भी बल दिया जा रहा है।

मिशन शक्ति का मुख्य उद्देश्य महिलाओं एवं बालिकाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करना, उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना और आत्मनिर्भरता के लिए प्रेरित करना है। अभियान के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को महिला सुरक्षा एवं नारी सम्मान के प्रति जागरूक करते हुए महिलाओं और बालिकाओं के लिए सुरक्षित, समान और सम्मानजनक वातावरण तैयार करने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *