खराब हैंडपंप और गंदगी पर जताई नाराजगी, तत्काल सफाई कराने के निर्देश
अधिकारी को देखते ही रवाना होती दिखीं रोडवेज रंग में रंगी डग्गेमार बसें

अलीगंज। बस स्टैंड पर यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और व्यवस्थाओं की हकीकत परखने के लिए सोमवार को एआरएम प्रदीप यादव ने अलीगंज बस स्टैंड का निरीक्षण किया। इस दौरान परिसर में साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं मिलने और हैंडपंप खराब पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई। संबंधित कर्मचारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड पर परिवहन निगम के रंगों में रंगी डग्गेमार बसों की मौजूदगी भी चर्चा का विषय रही। एआरएम के पहुंचते ही ऐसी बसें परिसर से रवाना होती दिखाई दीं।
निरीक्षण के दौरान एआरएम प्रदीप यादव ने बस स्टैंड परिसर का जायजा लेते हुए यात्रियों को मिलने वाली बुनियादी सुविधाओं की स्थिति देखी। इस दौरान परिसर में लगा हैंडपंप खराब मिला। इस पर उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को तत्काल हैंडपंप ठीक कराने और यात्रियों के लिए पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थान पर पेयजल की सुविधा दुरुस्त रखना जरूरी है, ताकि यात्रियों को परेशानी का सामना न करना पड़े। परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था भी दुरुस्त नहीं मिली। इस पर एआरएम ने नाराजगी व्यक्त करते हुए स्टेशन इंचार्ज आलोक पांडे को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए। उन्होंने परिसर के साथ-साथ नालियों की भी नियमित सफाई सुनिश्चित करने को कहा, जिससे गंदगी जमा न हो और यात्रियों को असुविधा का सामना न करना पड़े।

अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बस स्टैंड की व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। बस स्टैंड के निरीक्षण के दौरान परिवहन निगम के रंगों में रंगी डग्गेमार बसें भी चर्चा में रहीं। बताया गया कि चालान की कार्रवाई के डर से एआरएम को देखते ही कुछ बसें स्टैंड से रवाना होती दिखाई दीं। इससे बस स्टैंड परिसर में अनधिकृत रूप से संचालित बसों की गतिविधियों को लेकर सवाल खड़े हुए। हालांकि, निरीक्षण के दौरान ऐसी बसों के विरुद्ध चालान या अन्य कार्रवाई किए जाने की पुष्टि नहीं हुई। एआरएम के निरीक्षण के बाद बस स्टैंड की व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित कर्मचारियों की जिम्मेदारी बढ़ गई है।
