फसल क्षति के 13 लाभार्थियों को विधायक ने वितरित किए डमी चेक

अलीगंज तहसील सभागार में आयोजित हुआ सहायता वितरण कार्यक्रम, नुकसान के आधार पर लाभार्थियों के खातों में भेजी गई अनुदान राशि

अलीगंज। फसल क्षति से प्रभावित किसानों को आर्थिक राहत प्रदान करने के उद्देश्य से सोमवार को तहसील अलीगंज के सभागार में सहायता वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अलीगंज विधायक ठाकुर सत्यपाल सिंह राठौर ने फसल क्षति से प्रभावित 13 लाभार्थियों को डमी चेक वितरित किए। राजस्व विभाग की ओर से फसल नुकसान का आकलन कर पात्र लाभार्थियों के बैंक खातों में नुकसान के आधार पर अनुदान सहायता राशि भेजी गई है।

कार्यक्रम के दौरान तहसील क्षेत्र के गोटिया खुर्द, वरकला, भाऊपुरा, जहांनगर, भवनपुर, तमरोरा, अकबरपुर लालसहाय, धुमरी, सहोरी, गंगापुर, दहेलिया, साडरपुर, धरौली और बाहगो क्षेत्र से संबंधित लाभार्थियों को सहायता प्रदान की गई। फसल क्षति के बाद राजस्व विभाग द्वारा किए गए आकलन के आधार पर पात्र किसानों को यह आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई।

इस अवसर पर विधायक ठाकुर सत्यपाल सिंह राठौर ने कहा कि प्राकृतिक आपदा अथवा अन्य कारणों से फसल को हुए नुकसान के चलते किसानों को आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में शासन की ओर से पात्र किसानों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उन्हें कुछ राहत मिल सके।

कार्यक्रम में अलीगंज एसडीएम डॉ. शशी शेखर, तहसीलदार संजय सिंह, लाइव तहसीलदार हिमांशु पांडे और नायब तहसीलदार वरुण कुमार सहित तहसील प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि फसल क्षति का आकलन कर पात्र लाभार्थियों को नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *