भनउ घाट में काली नदी के पुल से आगे मिला शव, हत्या की आशंका में पहले ही दर्ज हुआ था अपहरण का मुकदमा
अलीगंज। कोतवाली अलीगंज क्षेत्र के ग्राम गलारपुर निवासी 20 अक्टूबर से लापता विमलेश का शव शनिवार को भनउ घाट स्थित काली नदी के पुल से आगे मिला। शव मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। परिजनों ने शव की शिनाख्त विमलेश के रूप में की है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए एटा मोर्चरी भेज दिया है।

विमलेश 20 अक्टूबर 2026 को लापता हुआ था। इसके बाद उसकी पत्नी किरण देवी ने 22 अक्टूबर को कोतवाली अलीगंज में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। काफी तलाश के बाद भी विमलेश का कोई पता नहीं चला। बाद में विमलेश के भाई अजय कुमार पुत्र संतराम सिंह निवासी गलारपुर ने पुलिस को तहरीर देकर गांव जलालपुर निवासी रोहित पुत्र शिवराम और उसके साथियों पर विमलेश को हत्या की नीयत से ले जाने की आशंका जताई थी।

अजय कुमार की तहरीर और मामले में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने पहले दर्ज गुमशुदगी को तरमीम करते हुए रोहित पुत्र शिवराम समेत दो अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इसके बाद पुलिस विमलेश की तलाश के साथ ही मामले की जांच कर रही थी।
शनिवार को भनउ घाट के पास काली नदी के पुल से आगे विमलेश का शव मिलने की सूचना पर पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कोतवाली अलीगंज पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों को भी मौके पर बुलाया गया, जहां उन्होंने शव की शिनाख्त विमलेश के रूप में की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एटा मोर्चरी भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। वहीं, शव मिलने के बाद पहले से दर्ज मुकदमे की जांच भी अब महत्वपूर्ण हो गई है।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली अलीगंज रूपेश कुमार वर्मा ने बताया, “शव भनउ घाट के काली नदी के पुल से आगे मिला है, परिजनों ने शव की शिनाख्त की है, शव को कब्जे में लेकर एटा मोर्चरी भेजा गया है, मौके पर अलीगंज क्षेत्राधिकारी सहित भारी पुलिस बल है, थानास्तर से आगे की कार्यवाही जारी है।”
