ग्राम कैला में पंडित दीनदयाल आरोग्य शिविर का आयोजन, 570 पशुओं का हुआ उपचार

पशुपालकों को टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान और पशु आहार के प्रति किया जागरूक

अलीगंज। क्षेत्र के ग्राम कैला में शनिवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य शिविर एवं मेले का आयोजन किया गया। कार्यक्रम उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. रविकांत के नेतृत्व में संपन्न हुआ। शिविर में बड़ी संख्या में पशुपालकों ने पहुंचकर अपने पशुओं का उपचार कराया और पशुपालन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।

शिविर के दौरान पशुपालकों को पशुओं के नियमित टीकाकरण, कृत्रिम गर्भाधान, संतुलित पशु आहार और पशुओं को विभिन्न बीमारियों से बचाने के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। चिकित्सकों ने बताया कि पशुओं का समय-समय पर टीकाकरण और उचित देखभाल करने से उन्हें गंभीर बीमारियों से बचाया जा सकता है। इसके साथ ही पशुओं के बेहतर स्वास्थ्य और दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लिए संतुलित आहार के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।

शिविर में पहुंचे पशुओं की पशु चिकित्सकों द्वारा जांच कर उपचार किया गया। साथ ही आवश्यकतानुसार टीकाकरण एवं कृत्रिम गर्भाधान की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। शिविर में कुल 570 पशुओं की चिकित्सा की गई।

इस अवसर पर पशु चिकित्सक डॉ. गौरव गंगवार, डॉ. विनय शाक्य, डॉ. विनय यादव, डॉ. हेमेन्द्र लाल, डॉ. गौरव तेवतिया सहित पशुपालन विभाग का अन्य स्टाफ मौजूद रहा।

दिलीप सिह मंडल ब्योरो एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *