जिला जज, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने प्रशिक्षु पुलिसकर्मियों से किया आत्मीय संवाद, अनुशासन और जनसेवा के प्रति समर्पित रहने का दिया संदेश
बहराइच, 4 नवंबर। रिजर्व पुलिस लाइन, बहराइच में कंप्यूटर ऑपरेटर कोर्स के प्रशिक्षु पुलिसकर्मियों के साथ आत्मीय संवाद और आपसी सौहार्द बढ़ाने के उद्देश्य से भव्य ‘बड़ा खाना’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश राजेश कुमार सिंह, जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव की गरिमामयी उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों ने स्वयं प्रशिक्षु पुलिसकर्मियों को भोजन परोसा और उनके साथ बैठकर भोजन किया। अधिकारियों की इस आत्मीय पहल से जवानों में उत्साह और अपनत्व का भाव देखने को मिला। कार्यक्रम का माहौल पूरी तरह सौहार्दपूर्ण और पारिवारिक रहा।

इस दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने प्रशिक्षु पुलिसकर्मियों से बातचीत करते हुए उनके प्रशिक्षण, कार्यक्षमता और भविष्य की जिम्मेदारियों पर चर्चा की। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस सेवा केवल नौकरी नहीं, बल्कि समाज और आमजन के प्रति समर्पण, संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण दायित्व है। प्रत्येक पुलिसकर्मी को अपने कर्तव्यों का निर्वहन ईमानदारी, निष्ठा, अनुशासन और पारदर्शिता के साथ करना चाहिए।
उन्होंने प्रशिक्षु पुलिसकर्मियों को आधुनिक तकनीक एवं कंप्यूटर संबंधी दक्षताओं को आत्मसात कर पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जनहितकारी बनाने के लिए प्रेरित किया। साथ ही आमजन की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहने और अपने कार्य एवं व्यवहार से पुलिस विभाग की गरिमा बढ़ाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य पुलिस परिवार के बीच आपसी सम्मान, सौहार्द और टीम भावना को मजबूत करना रहा। इस आयोजन से प्रशिक्षु पुलिसकर्मियों को बेहतर कार्य करने और पूर्ण समर्पण के साथ जनसेवा के मार्ग पर आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।

इस अवसर पर मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ द्विवेदी, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी, सहायक पुलिस अधीक्षक कनिष्क आर. जामकर, समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना एवं शाखा प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
