खेलों के रोमांच और उत्साह के बीच संपन्न हुआ दो दिवसीय खेल महोत्सव ‘उड़ान’

ग्रीन, रेड, येलो और ब्लू हाउस के विद्यार्थियों ने रस्साकशी से लेकर दौड़ और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में लिया हिस्सा

अलीगंज। जीडी इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित दो दिवसीय वार्षिक खेल महोत्सव ‘उड़ान’ का गुरुवार को उत्साह, उमंग और खेल भावना के बीच भव्य समापन हुआ। महोत्सव के दूसरे दिन भी विद्यालय परिसर में खेल गतिविधियों को लेकर विद्यार्थियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। मैदान में कहीं जीत के लिए जोर आजमाइश होती नजर आई तो कहीं अपनी गति और कौशल से विद्यार्थियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया।

दो दिवसीय आयोजन में ग्रीन हाउस, रेड हाउस, येलो हाउस और ब्लू हाउस की टीमों ने प्रतिभाग कर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।होत्सव के दूसरे दिन रस्साकशी, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, टेनिस और दौड़ सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। रस्साकशी प्रतियोगिता में दोनों ओर से खिलाड़ियों ने पूरी ताकत लगाकर अपनी टीम को जीत दिलाने का प्रयास किया।

वहीं दौड़ प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों की रफ्तार और बैडमिंटन, वॉलीबॉल व टेनिस में उनके खेल कौशल ने दर्शकों को रोमांचित किया। चारों हाउस के बीच मुकाबलों में विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। एक-दूसरे को कड़ी टक्कर देते हुए खिलाड़ियों ने खेल के साथ अनुशासन और टीम भावना का भी परिचय दिया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सीओ राजेश सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं होते, बल्कि यह जीवन में संघर्ष करने, चुनौतियों का सामना करने और लक्ष्य प्राप्त करने का हुनर सिखाते हैं। खेल के मैदान में मिलने वाली हार भी आगे बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देती है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में भी रुचि रखनी चाहिए।

खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास और आपसी सहयोग की भावना मजबूत होती है। बीडीओ शिव शंकर शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेल गतिविधियां भी बेहद जरूरी हैं। खेल बच्चों को शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ मानसिक रूप से मजबूत बनाते हैं।

प्रतियोगिताओं में भाग लेना ही सबसे बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि इससे बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना और अपनी क्षमता को पहचानने का अवसर मिलता है। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर अभ्यास कर जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में बीडीओ शिव शंकर शर्मा, सीओ राजेश सिंह, थानाध्यक्ष जसरथपुर अनिल कुमार सहित अन्य अतिथि मौजूद रहे। विद्यालय प्रबंधिका सुधा यादव, उपप्रबंधक यश यादव और प्रधानाचार्य आकाश शुक्ला ने अतिथियों का स्वागत किया। आयोजन को सफल बनाने में पीटीआई शौर्य वर्धन सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *