जनगणना कर्मियों का प्रशिक्षण पूरा, अब धरातल पर उतरेगी तैयारी

नौ दिवस में तीन बैचों के माध्यम से 1200 कर्मचारियों को किया गया प्रशिक्षित16 नवंबर से स्व-गणना और एक दिसंबर से शुरू होगा घर-घर जनगणना का कार्य

अलीगंज। जनगणना 2027 को लेकर प्रशासन की ओर से चलाया जा रहा प्रशिक्षण अभियान पूरा हो गया। जीडी इंटरनेशनल कॉलेज में नौ दिनों तक चले प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत तीन बैचों में कुल 1200 जनगणना कर्मियों को प्रशिक्षित किया गया। अंतिम बैच के प्रशिक्षण के साथ ही कर्मचारियों को जनगणना की बारीकियों, निर्धारित प्रक्रिया, सूचनाओं के संकलन और आंकड़ों की शुद्धता बनाए रखने के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई।

अब प्रशिक्षण पूरा होने के बाद प्रशासन जनगणना के दूसरे चरण की तैयारियों को आगे बढ़ाएगा।अलीगंज के हत्सारी रोड स्थित कॉलेज परिसर में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के लिए आठ कक्षों की व्यवस्था की गई थी। यहां प्रतिदिन 400 कर्मचारियों को अलग-अलग सत्रों में प्रशिक्षण दिया गया। पहले और दूसरे बैच के 800 कर्मचारियों का प्रशिक्षण पूरा होने के बाद अंतिम बैच के 400 कर्मचारियों को भी प्रशिक्षित कर लिया गया।

प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को बताया गया कि जनगणना के समय प्रत्येक परिवार तक पहुंचकर निर्धारित प्रारूप में सही जानकारी जुटाना उनकी प्रमुख जिम्मेदारी होगी। किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गलत प्रविष्टि से बचने के लिए विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए। उत्तर प्रदेश में जनगणना 2027 के दूसरे चरण के तहत 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की अवधि निर्धारित की गई है। इसके बाद एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक जनसंख्या गणना का क्षेत्रीय कार्य किया जाएगा।

इस दौरान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार घर-घर पहुंचकर परिवारों का विवरण संकलित किया जाएगा। प्रशासन का जोर है कि जनगणना का कार्य निर्धारित समय सीमा में पारदर्शिता और शुद्धता के साथ संपन्न कराया जाए। उप जिलाधिकारी डॉ. शशि शेखर ने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है, जिसके आंकड़ों के आधार पर भविष्य की विकास योजनाओं और सरकारी नीतियों का निर्धारण होता है। सभी 1200 कर्मचारियों का प्रशिक्षण पूरा करा दिया गया है। कर्मचारियों को पूरी प्रक्रिया समझाई गई है, ताकि क्षेत्र में कार्य करते समय किसी प्रकार की परेशानी न आए।

सभी कर्मियों से अपेक्षा है कि वे अपनी जिम्मेदारी गंभीरता और निष्पक्षता के साथ निभाएं। कायाकल्प प्रभारी सत्य प्रताप सिंह राठौड़ ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य कर्मचारियों को व्यवहारिक रूप से दक्ष बनाना था। जनगणना के दौरान प्रत्येक परिवार से सही जानकारी प्राप्त करना और उसे निर्धारित प्रारूप में दर्ज करना बेहद महत्वपूर्ण है। सभी कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, जिससे कार्य में एकरूपता और आंकड़ों की विश्वसनीयता बनी रहे।

एबीएसए विनोद कुमार ने कहा कि जनगणना की सफलता कर्मचारियों की सजगता और जिम्मेदारी पर निर्भर करेगी। प्रशिक्षण के दौरान उन्हें कार्यप्रणाली के साथ ही तकनीकी और व्यवहारिक पहलुओं की जानकारी दी गई है। सभी कर्मचारी पूरी सावधानी से कार्य करते हुए निर्धारित समय में अपनी जिम्मेदारी पूरी करें। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी डॉ. शशि शेखर, तहसीलदार संजय कुमार, कायाकल्प प्रभारी सत्य प्रताप सिंह राठौड़, एबीएसए जैथरा मुकेश कुमार, एबीएसए अलीगंज विनोद कुमार सहित प्रशिक्षक एवं संबंधित कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *