भाजपा के झूठे दावों का शोर, लचर व्यवस्थाओं से रीवा बेहाल – आशीष तिवारी।

भाजपा के विकास मॉडल पर उठे सवाल, कांग्रेस ने सरकार को घेरा

रीवा। रीवा शहर सहित समस्त प्रमुख मार्गों पर बदहाल सड़कें, जगह-जगह गड्ढे, उड़ती धूल, अतिक्रमण, अव्यवस्थित पार्किंग, जाम और बदहाल यातायात व सफाई व्यवस्था रीवा के जनमानस की परेशानी का कारण बनी हुई हैं। निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति भी चिंता का विषय है।
कांग्रेस नेता आशीष तिवारी ने इन समस्याओं को लेकर भाजपा सरकार, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासन को घेरते हुए कहा कि रीवा और विंध्य की जनता ने दशकों से लगातार भाजपा को भरपूर समर्थन दिया उसके बावजूद रीवा की जनता मूलभूत सुविधाओं से परेशान है।


तिवारी ने आरोप लगाया कि निर्माण, मरम्मत और अन्य विकास कार्यों में गंभीर अनियमितताओं की आशंका है। हजारों करोड़ के विकास कार्यों के दावों के बावजूद सड़कों की बदहाली सरकारी धन के उपयोग और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने मांग की कि सभी प्रमुख निर्माण एवं मरम्मत कार्यों का स्वतंत्र तकनीकी ऑडिट हो, टेंडर और भुगतान का विवरण सार्वजनिक हो तथा अनियमितता प्रमाणित होने पर जिम्मेदारों पर कठोर कार्रवाई हो।
तिवारी ने कहा कि विकास का मतलब केवल बड़े-बड़े मॉल, चमकदार इमारतें और करोड़ों के निर्माण कार्य ही नहीं हैं।

जनता को बेहतर सड़कें, स्वच्छ पेयजल, निर्बाध बिजली, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुलभ स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। जब सड़क, पानी, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए जनता परेशान हो, तो विकास के दावों की चमक केवल विज्ञापनों तक सीमित रह जाती है।
तिवारी ने कहा कि कुंभकर्णी नींद में मदमस्त जनप्रतिनिधि और जिम्मेदार हुक्मरान कागजी दावों से बाहर निकलें, जमीनी हकीकत का निरीक्षण करें और जनसमस्याओं के समाधान की जवाबदेही तय करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *