बहराइच में सोलर प्लांट से तार चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, सात बंडल केबल बरामद

हरदी पुलिस ने भगवानपुर-सिकंदरपुर मार्ग पर गैस गोदाम के पास की कार्रवाई, दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास

बहराइच। हरदी थाना पुलिस ने सोलर प्लांट से एल्युमिनियम और कॉपर वायर चोरी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए करीब सात बंडल एल्युमिनियम केबल व कॉपर वायर के साथ एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के मुताबिक दोनों गिरफ्तार आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास है।

पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को एक व्यक्ति ने हरदी थाने में सूचना दी थी कि उसके यहां लगे सोलर प्लांट से करीब दो क्विंटल एल्युमिनियम और कॉपर का तार चोरी हो गया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 401/2026 धारा 303(2) और 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी और क्षेत्राधिकारी महसी पवन कुमार के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष हरदी आलोक सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को लगाया गया था।

इसी क्रम में 12 नवंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने भगवानपुर-सिकंदरपुर मार्ग स्थित गैस गोदाम के निकट दबिश देकर मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद हनीफ पुत्र जमालुद्दीन निवासी डन्डोरी, थाना पडुहा, जनपद लखीमपुर खीरी और ओमप्रकाश पुत्र शिवराज सिंह निवासी मेहवा, थाना कोतवाली, जनपद लखीमपुर खीरी के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सात बंडल एल्युमिनियम केबल व कॉपर वायर तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश करने के लिए भेज दिया गया।

दोनों आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास

पुलिस द्वारा जारी विवरण के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद हनीफ के विरुद्ध विभिन्न थानों में चोरी, लूट, धोखाधड़ी, जालसाजी और आर्म्स एक्ट समेत कुल 10 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें बहराइच के सुजौली, बाराबंकी के सफदरगंज, लखीमपुर खीरी के निघासन और कोतवाली सदर तथा लखनऊ के बख्शी का तालाब थाने के मामले शामिल हैं।

वहीं, दूसरे आरोपी ओमप्रकाश के विरुद्ध भी चोरी, मारपीट, जानलेवा हमले, आर्म्स एक्ट, जुआ अधिनियम और अन्य धाराओं में कुल 13 मुकदमों का आपराधिक इतिहास बताया गया है। इनमें लखीमपुर खीरी के कोतवाली सदर, फरधान, ईसानगर और कोतवाली थाने के मामले शामिल हैं।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक रामकृपाल, उपनिरीक्षक रामबचन चौहान, हेड कांस्टेबल उपेंद्र कुमार, कांस्टेबल शनि प्रकाश, कांस्टेबल राकेश यादव और कांस्टेबल शिवेंद्र वर्मा शामिल रहे।

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई को विद्युत तार चोरी की घटनाओं के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *