दो दर्जन से अधिक मुकदमों में दर्ज है आपराधिक इतिहास, तमंचा-कारतूस के साथ चोरी के जेवर और नकदी बरामद
बहराइच। पयागपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और एक हिस्ट्रीशीटर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी के चांदी के जेवर और नकदी बरामद हुई है।

पुलिस के अनुसार, जनपद में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 12/13 नवंबर की रात थाना पयागपुर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि रेलवे अंडरपास पुलिया के आगे एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी की वारदात को अंजाम देने अथवा चोरी का सामान बेचने की फिराक में है। सूचना पर थाना प्रभारी पयागपुर पुलिस टीम के साथ बताए गए स्थान पर पहुंचे और संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश शुरू की।
इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति आता दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे घेरकर रोकने का प्रयास किया तो उसने खुद को घिरा देखकर रेलवे ट्रैक की आड़ ली और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बब्बू पुत्र रामप्रसाद निवासी बबया, थाना पयागपुर, जनपद बहराइच के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, चोरी की सफेद धातु की नौ पायल, 11 बिछिया और 14,500 रुपये नकद बरामद किए गए।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी थाना पयागपुर का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ जनपद बहराइच सहित अन्य जनपदों के विभिन्न थानों में दो दर्जन से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने पयागपुर क्षेत्र में हाल ही में हुई एक चोरी की घटना में संलिप्तता स्वीकार की है।
मुठभेड़ की सूचना पर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीम से जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस मामले में बरामदगी और आरोपी के आपराधिक इतिहास के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
