कुएं में गिरी नीलगाय को वन विभाग की टीम ने सुरक्षित निकाला

नीलगाय के कुएं में गिरने से हड़कंप, सूचना पर पहुंची टीम ने चलाया बचाव अभियानअलीगंज सर्किल के ग्राम नगला विजई में एक नीलगाय अचानक कुएं में गिर गई। कुएं में नीलगाय के गिरने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी।

सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई और नीलगाय को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान शुरू किया।बताया गया कि जैथरा विकासखंड क्षेत्र मे कुएं में गिरने के बाद नीलगाय बाहर निकलने के लिए काफी देर तक संघर्ष करती रही। कुआं गहरा होने के कारण उसके लिए स्वयं बाहर निकल पाना संभव नहीं था। ऐसे में ग्रामीण भी मौके पर एकत्रित हो गए और वन विभाग की टीम के पहुंचने का इंतजार करने लगे।

मौके पर पहुंची टीम ने सबसे पहले कुएं की स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद वनकर्मियों ने पूरी सावधानी के साथ नीलगाय को बाहर निकालने की योजना बनाई। वन विभाग के कर्मचारियों ने ग्रामीणों के सहयोग से काफी सूझबूझ और सतर्कता के साथ बचाव कार्य शुरू किया। नीलगाय को बाहर निकालने के दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखा गया कि उसे किसी प्रकार की चोट न पहुंचे।

काफी देर तक चले प्रयासों और कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार वन विभाग की टीम को सफलता मिल गई। टीम ने नीलगाय को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाल लिया। नीलगाय के सुरक्षित बाहर निकलते ही मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।

बेजुबान वन्यजीव की जान बचने पर ग्रामीणों ने वन विभाग की टीम के प्रयासों की सराहना की। ग्रामीणों का कहना था कि यदि समय रहते वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंचती तो नीलगाय की जान को खतरा हो सकता था। बचाव अभियान में वन दरोगा संजय कुमार, वन रक्षक सचिन कुमार, वन रक्षक शैलेश कुमार तथा अन्य वनकर्मी उज्जीर सिंह और राधेश्याम ने सक्रिय भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *