बहराइच। थाना कोतवाली नगर पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री के साथ 3400 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक बहराइच के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली कि मोहल्ला वजीरगंज क्षेत्र में एक मकान में देह व्यापार कराया जा रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 03 मई 2026 को छापेमारी की, जहां मौके पर दो महिलाएं और एक पुरुष संदिग्ध अवस्था में मिले। पूछताछ में खुलासा हुआ कि मकान में बाहरी व्यक्तियों को बुलाकर अनैतिक देह व्यापार कराया जा रहा था।

गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला वजीरगंज क्षेत्र की, एक पुरुष रायपुर राजा (कोतवाली देहात) तथा एक महिला मोहल्ला किला क्षेत्र की निवासी बताई जा रही है। पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 96/2026 पंजीकृत करते हुए अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 व 6 के तहत कार्रवाई की है।
गिरफ्तारी 04 मई 2026 को की गई। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे।
