भाजपा का विकास मॉडल बेनकाब, जनता त्रस्त : आशीष तिवारी

रीवा-विंध्य में बारिश से घरों में पानी, जनजीवन बेहाल

रीवा। कांग्रेस नेता आशीष तिवारी ने रीवा-विंध्य क्षेत्र में बारिश के बाद बिगड़े हालात को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि शहर से लेकर गांव तक जलभराव, बाधित आवागमन, बिजली संकट और बुनियादी सुविधाओं की बदहाली ने सरकार के विकास मॉडल की वास्तविक तस्वीर जनता के सामने ला दी है।

आशीष तिवारी ने कहा कि भाजपा जिस गुजरात मॉडल को विकास का उदाहरण बताकर प्रचारित करती है, उसकी जमीनी हकीकत अब आम जनता के सामने है। बारिश के बाद कई क्षेत्रों में लोग जलभराव और अन्य समस्याओं से जूझ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आमजन अपने घर और कारोबार को बचाने की चिंता में है, किसान अपनी फसल बचाने के लिए जद्दोजहद कर रहा है, जबकि गरीब परिवार राहत की प्रतीक्षा कर रहे हैं। सरकार को तत्काल प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कराकर नुकसान का आकलन करना चाहिए और पात्र परिवारों को उचित राहत उपलब्ध करानी चाहिए।

कांग्रेस नेता ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को केवल फोटोसेशन तक सीमित रहने के बजाय प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर जमीनी स्थिति का जायजा लेना चाहिए। जल निकासी, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य और आवागमन जैसी मूलभूत सुविधाओं को तत्काल दुरुस्त किया जाना चाहिए।

उन्होंने जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने की मांग की। तिवारी ने कहा कि विकास की असली कसौटी विज्ञापन नहीं, बल्कि संकट के समय जनता को मिलने वाली राहत और सुविधाएं हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *