बहराइच बाल श्रम, बाल विवाह और मानव तस्करी रोकने को लेकर बहराइच में हुई समन्वय बैठक


बहराइच। रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में गुरुवार को एएचटी (एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग) एवं एसजेपीयू की मासिक समीक्षा एवं समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक क्षेत्राधिकारी आंकिक/एएचटी/एसजेपीयू एहतराम हुसैन की अध्यक्षता में पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में संपन्न हुई।


बैठक में बाल श्रम उन्मूलन, बाल विवाह की रोकथाम, मानव तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण, बाल भिक्षावृत्ति, नशा मुक्ति अभियान तथा गुमशुदा बच्चों की शीघ्र बरामदगी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। शासन की मंशा के अनुरूप भारत को बाल श्रम मुक्त बनाने के लक्ष्य को लेकर विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने और प्रभावी कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया।


इस दौरान विभिन्न थानों पर नियुक्त बाल कल्याण पुलिस अधिकारियों द्वारा सामने आ रही समस्याओं और सुझावों पर चर्चा हुई। गुमशुदा एवं अपहृत बच्चों से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए विवेचकों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। साथ ही किशोर न्याय अधिनियम-2015 की धारा 74 एवं 75 की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।


बैठक में निर्देशित किया गया कि क्षेत्र पंचायत, जिला पंचायत, ग्राम प्रधान एवं अन्य संभ्रांत नागरिकों के सहयोग से गांवों में चौपाल आयोजित कर बाल विवाह और बाल श्रम जैसे संवेदनशील मुद्दों पर जनजागरूकता अभियान चलाया जाए। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना सहित बच्चों के हित में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की भी जानकारी दी गई।


बैठक में जिला महिला चिकित्सालय के चिकित्सक, एसएसबी, सीडब्ल्यूसी, आरपीएफ, जीआरपी, एंटी रोमियो टीम, चाइल्ड हेल्पलाइन, समाज कल्याण विभाग, विभिन्न एनजीओ तथा सभी थानों के बाल कल्याण अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *