पिता ने भी पिया था वही दूध, उल्टी होने पर हुआ शक; परिजनों ने दूध व सब्जी में जहरीला पदार्थ मिलाने की जताई आशंका, पुलिस ने लिए नमूने
अलीगंज। थाना नया गांव क्षेत्र के रामनगरिया आशाराम गांव में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब दूध पीने के बाद डेढ़ वर्ष के मासूम की अचानक तबियत बिगड़ गई। परिजन उसे आनन-फानन में मैनपुरी जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल मासूम का सैफई में उपचार चल रहा है और उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह करीब 11 बजे डेढ़ वर्षीय रितुल पुत्र उपेंद्र घर के आंगन में खेल रहा था। उस समय उसकी मां रोशनी और दादी गंगा देवी घर में मौजूद थीं। इसी दौरान पिता उपेंद्र ने बच्चे को दूध पिलाया। बच्चे ने कुछ दूध पीने के बाद छोड़ दिया। इसके बाद पिता ने भी उसी दूध को पी लिया। कुछ ही देर बाद उपेंद्र को उल्टियां होने लगीं और बच्चे की तबियत भी बिगड़ने लगी।
मासूम की हालत बिगड़ते देख परिजन उसे गांव के चिकित्सक के पास लेकर पहुंचे। वहां से बेहतर उपचार के लिए मैनपुरी ले जाने की सलाह दी गई। परिजन बच्चे को मैनपुरी जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत चिंताजनक देखते हुए सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। सैफई में बच्चे का उपचार जारी है।

मासूम के ताऊ विनय ने बताया कि परिवार के दो मकान हैं। पीछे वाले मकान में उसकी मां और भाई की पत्नी मौजूद थीं। बच्चे को उसके भाई ने दूध पिलाया था और बाद में उसने भी वही दूध पी लिया। दूध पीने के बाद भाई को उल्टियां होने लगीं, जिसके बाद परिजनों को दूध में किसी जहरीले पदार्थ की मिलावट होने का शक हुआ।
परिजनों ने घर में रखे दूध और सब्जी में किसी व्यक्ति द्वारा जहरीला पदार्थ मिलाए जाने की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दूध व अन्य सामग्री के नमूने लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस पूरे मामले की पड़ताल कर रही है। नमूनों की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
दिलीप सिंह अलीगज एटा
