कांवड़ यात्रा की तैयारियों का एसडीएम ने लिया जायजा, सड़कें दुरुस्त करने के दिए निर्देश

एटा | दिलीप सिंह, अलीगंज

आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर अलीगंज प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को उप जिलाधिकारी (एसडीएम) जगमोहन गुप्ता ने क्षेत्र के प्रमुख कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कम्पिल रोड, धुमरी रोड, काली नदी रोड तथा अलीगंज कस्बे के प्रमुख मार्गों का जायजा लेकर सड़क की स्थिति का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम को कई स्थानों पर सड़क पर गड्ढे, उखड़ी सतह और क्षतिग्रस्त हिस्से मिले। इस पर उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों को तत्काल गड्ढे भरने, पैचवर्क कराने और सड़क को समतल व सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए।

एसडीएम जगमोहन गुप्ता ने कहा कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी मार्गों की मरम्मत हर हाल में पूरी कर ली जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने मरम्मत कार्य में गुणवत्ता बनाए रखने और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन लगाकर कार्य शीघ्र पूरा कराने के भी निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों से साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाओं की तैयारियों की जानकारी भी ली गई। एसडीएम ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शासन की मंशा के अनुरूप कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि तैयारियों की लगातार निगरानी की जाएगी और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *