फोर व्हीलर से टकराई नीलगाय बाइक सवार पिता-पुत्र पर गिरी, पिता की टूटी टांग; बेटा गंभीर घायल

अलीगंज। मैनपुरी रोड पर झकरई भट्टा के समीप अचानक हुए दर्दनाक हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए। आगे चल रही फोर व्हीलर गाड़ी से टकराई नीलगाय उछलकर बाइक सवारों के ऊपर जा गिरी। हादसे में पिता की एक टांग टूट गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अलीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम गलारपुर निवासी अनेक सिंह अपने 14 वर्षीय पुत्र सुमित कुमार के साथ बाइक से अलीगंज से अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे मैनपुरी रोड पर झकरई भट्टा के समीप पहुंचे, तभी आगे चल रही एक फोर व्हीलर गाड़ी से अचानक नीलगाय टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि नीलगाय उछलकर सीधे बाइक सवार पिता-पुत्र के ऊपर जा गिरी। अचानक हुए इस हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद मौके पर पहुंचे राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ऑटो की सहायता से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पहुंचाया। साथ ही उनके परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। पिता की गंभीर हालत और टूटी टांग देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई। चिकित्सकों ने घायल अनेक सिंह का प्राथमिक उपचार कर हालत को गंभीर देखते हुए हायर सेंटर एटा रेफर कर दिया ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *