नवनीत कुमार सिंह, मोतिहारी
हरसिद्धि (पूर्वी चंपारण)। हरसिद्धि थाना क्षेत्र के प्रसिद्ध ओलहा महादेव मंदिर परिसर में रविवार को भव्य सत्संग एवं धार्मिक प्रवचन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न गांवों समेत दूर-दराज के इलाकों से पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आध्यात्मिक वातावरण का आनंद लिया।सत्संग की शुरुआत विधिवत पूजा-अर्चना एवं सुंदरकांड पाठ भजन कीर्तन से हुई।

इसके बाद विभिन्न स्थानों से आए संत-महात्माओं ने अपने ओजस्वी प्रवचनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, मानवता, सेवा और सदाचार का संदेश दिया। महात्माओं ने कहा कि सत्संग मनुष्य को सही मार्ग दिखाने के साथ-साथ समाज में प्रेम, भाईचारा और संस्कारों को मजबूत करता है।प्रवचन के दौरान श्रद्धालु पूरे समय भक्ति रस में डूबे रहे।
मंदिर परिसर भगवान शिव के जयकारों और भजन-कीर्तन से गूंजता रहा। धार्मिक आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया।कार्यक्रम के सफल आयोजन में मंदिर समिति एवं स्थानीय ग्रामीणों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया तथा क्षेत्र की सुख-समृद्धि और शांति के लिए सामूहिक प्रार्थना की गई।
धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा एवं बुजुर्ग श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही, जिससे पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया। मौके पर अजीत उपाध्याय, भुआल जी पूर्व सरपंच मच्छरगावां, शिव बालक ठाकुर, योगेंद्र ठाकुर, श्याम देव ठाकुर, सहित सैकड़ो भक्तजन उपस्थित है।
