अलीगंज में रोजगार मेले में 16 कंपनियों ने लिया हिस्सा, 400 अभ्यर्थियों ने कराया पंजीकरण

अलीगंज। अलीगंज रोजगार मिशन के अंतर्गत गुरुवार 27 नवंबर को चौधरी मुख्तियार सिंह डिग्री कॉलेज में जिला सेवायोजन कार्यालय एटा के तत्वावधान में विधानसभा स्तरीय एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। रोजगार मेले का शुभारंभ ब्लॉक प्रतिनिधि डॉ. अशोक रतन ने फीता काटकर किया।

इस अवसर पर जिला सेवायोजन कार्यालय के प्रधान सहायक सूर्यकांत सिंह ने बताया कि रोजगार मेले का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के अधिक से अधिक बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और बेरोजगारी को कम करना है। मेले में विभिन्न क्षेत्रों की 16 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इन कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता एवं कौशल के आधार पर चयन प्रक्रिया की गई।

उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में लगभग 400 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया है। चयनित युवाओं को कंपनियों की ओर से ज्वाइनिंग लेटर वितरित किए जाएंगे। कंपनियों में चयनित अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता और पद के अनुसार लगभग 18 से 20 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिए जाने का अवसर मिलेगा।

रोजगार मेले में बड़ी संख्या में युवाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। आयोजकों ने कहा कि ऐसे रोजगार मेलों के माध्यम से स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार पाने का अवसर मिलता है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उन्हें रोजगार से जोड़कर आर्थिक रूप से सशक्त करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *