गोंडा में तालिबानी सजा: युवक को पेड़ से बांधकर महिला ने बरसाए थप्पड़

चावल-लौंग देकर ठगी का आरोप, वीडियो वायरल

संवाददाता गोंडा

गोण्डा। जिले के खोड़ारे थाना क्षेत्र के केशवनगर ग्रांट के तेलियागढ़ गांव में एक युवक को पेड़ से बांधकर तालिबानी सजा देने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। 9 अक्टूबर को हुई घटना का वीडियो शनिवार शाम करीब 6 बजे प्रसारित होने लगा। करीब 30 सेकंड के वीडियो में एक महिला युवक को थप्पड़ और डंडों से पीटती दिखाई दे रही है। इस दौरान मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी जुटे नजर आ रहे हैं। वायरल वीडियो में कुछ लोग युवक पर चोरी करने का आरोप लगाते सुनाई दे रहे हैं। वीडियो में महिला युवक को करीब सात थप्पड़ मारती दिखाई दे रही है। यह वीडियो विक्की चौहान नाम के युवक ने अपने फेसबुक अकाउंट पर साझा किया है।

चावल और लौंग देकर ठगी करने का आरोप

बताया जा रहा है कि युवक चावल और लौंग देकर महिलाओं के साथ कथित तौर पर ठगी करता था। आरोप है कि 9 अक्टूबर को शाम करीब 4 बजे वह दोबारा गांव पहुंचा। इससे पहले भी उसके द्वारा ठगी किए जाने से ग्रामीण परेशान थे। युवक के फिर गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने उसे पकड़कर पेड़ से बांध दिया। इसके बाद एक महिला ने उसकी पिटाई की। हालांकि, युवक पर लगाए गए ठगी के आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस कर रही वीडियो की जांच

वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। खोड़ारे थाना प्रभारी निरीक्षक ज्ञान सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट करने वालों की पहचान कर रही है। जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *