गोण्डा में तड़के ताबड़तोड़ फायरिंग की वारदात, बाइक सवार युवक को मारी गोली, पीठ में फंसी

छपिया थाना क्षेत्र के मदनपुर में चार पहिया से पहुंचे हमलावरों ने दिया वारदात को अंजाम

हत्या के प्रयास का केस दर्ज, 3 टीमें तलाश में जुटी

संवाददाता गोंडा

गोण्डा। जिले के छपिया थाना क्षेत्र में रविवार तड़के बाइक सवार युवक पर चार पहिया वाहन से पहुंचे लोगों ने कई राउंड फायरिंग कर दी। मदनपुर गांव के पास मसकनवा-गौराचौकी मार्ग पर हुई इस घटना में 33 वर्षीय भोला पाण्डेय घायल हो गए। उनके दाहिने हाथ की उंगली और पीठ में गोली लगी है। उन्हें मेडिकल कॉलेज गोंडा में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना के बाद पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

गोंडा जाने के लिए रुके थे, तभी पहुंचे हमलावर

मिली जानकारी के मुताबिक पीड़ित भोला पांडेय छपिया थाना क्षेत्र के सुमेरपुर नाकई बनकट के निवासी हैं। उनकी तहरीर के मुताबिक, रविवार तड़के करीब 3:30 बजे वह अपने भांजे सूरज मिश्रा और शिवम पांडेय के साथ बाइक से मसकनवा-गौराचौकी मार्ग पर मदनपुर गांव के पास पहुंचे थे। गोंडा जाने के लिए वे वहां रुके हुए थे। इसी दौरान मसकनवा की तरफ से चार पहिया वाहन में सवार होकर कई लोग पहुंचे।

भोला का आरोप है कि अभिषेक राणा निवासी नरिचा, थाना छपिया, विवेक मदनवाल निवासी चंद्रदीप घाट, थाना खोड़ारे, शशांक पांडेय और कुछ अज्ञात लोग असलहे व अन्य हथियार लेकर आए। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और उन पर कई राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से भोला घायल हो गए। फायरिंग के दौरान भोला के साथ मौजूद सूरज मिश्रा और शिवम पांडेय सुरक्षित रहे। घायल भोला किसी तरह अपनी जान बचाकर पुलिस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गोंडा जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल परीक्षण के बाद उन्हें भर्ती कर लिया गया।

आपसी विवाद में गोलीकांड, गिरफ्तारी के लिए 3 टीमें गठित

छपिया थाने के प्रभारी निरीक्षक उमेश कुमार ने बताया कि आपसी विवाद को लेकर गोलीकांड हुआ है। पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायल भोला पांडेय से भी घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी ली। आरोपियों की गिरफ्तारी और घटना के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *