परसुडीह, जमशेदपुर। जमशेदपुर महानगर अंतर्गत भाजपा परसुडीह मंडल अध्यक्ष के नेतृत्व में मंडल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने परसुडीह थाना के नवपदस्थापित थाना प्रभारी राजेन्द्र सिंह मुंडा से शिष्टाचार वार्ता की तथा पुष्पगुच्छ के साथ स्वागत- सम्मान किया। उक्त अवसर पर मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा ने थाना प्रभारी को भाजपा परसुडीह मंडल के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से परिचित कराया। वहीं थाना प्रभारी राजेन्द्र सिंह मुंडा ने भी अपना परिचय देते हुए क्षेत्र में बेहतर पुलिसिंग, जनसहयोग एवं आम जनता के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

भाजपा परसुडीह मंडल के प्रतिनिधिमंडल ने परसुडीह क्षेत्र की विभिन्न स्थानीय जनसमस्याओं, कानून-व्यवस्था, नागरिक सुरक्षा एवं जनहित से जुड़े विषयों को थाना प्रभारी के समक्ष साझा किया। प्रतिनिधिमंडल ने क्षेत्र में पुलिस एवं जनता के बीच बेहतर संवाद और समन्वय की आवश्यकता पर भी चर्चा की। थाना प्रभारी ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए सभी विषयों को गंभीरतापूर्वक सुना और आश्वस्त किया कि परसुडीह थाना क्षेत्र में पुलिसिंग व्यवस्था को और प्रभावी बनाने तथा आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तत्परता के साथ कार्य किया जाएगा।

मंडल अध्यक्ष सुमित कुमार शर्मा ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर संवाद एवं सहयोग से ही क्षेत्र में सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि नवपदस्थापित थाना प्रभारी के साथ जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक समन्वय बना रहेगा। वहीं मंडल के अधिकारियों ने इस शिष्टाचार भेंट का मुख्य उद्देश्य पुलिस-जनता के बीच संवाद, समन्वय और सहयोग को और मजबूत करना बताया।
