संवाददाता आकाश मिश्र, बहराइच
बहराइच। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की बढ़िया कला शाखा से किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण लेने के बाद बकाया धनराशि जमा नहीं करने वाले दो किसानों के खिलाफ शनिवार को राजस्व विभाग की टीम ने वसूली कार्रवाई की। टीम ने दोनों बकायेदार किसानों की संबंधित भूमि कुर्क कर मौके पर लाल झंडी लगा दी।

बैंक के अनुसार, लगड़ीहा, नौसर गुमतिहा निवासी जनन पुत्र कबूल पर 4,21,764 रुपये तथा ब्याज और नौसर गुमतिहा थाना मोतीपुर निवासी सनेही पुत्र साहेबदीन पर 3,29,777 रुपये तथा ब्याज की धनराशि बकाया थी। बैंक की ओर से बकाया ऋण जमा करने के लिए संबंधित किसानों से संपर्क किया गया, लेकिन निर्धारित धनराशि जमा नहीं की गई।


बकाया धनराशि जमा न होने पर बैंक ने दोनों बकायेदारों के खिलाफ नियमानुसार वसूली प्रमाण पत्र (आरसी) जारी किया। आरसी के अनुपालन में 19 सितंबर को नायब तहसीलदार मिहींपुरवा ऋषि मिश्रा के निर्देशन में राजस्व विभाग की टीम संबंधित भूमि पर पहुंची और कुर्की की कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक क्षेत्रीय कार्यालय भिनगा के अधिकारी कलामुद्दीन, शाखा प्रबंधक राजकुमार, अमीन और लेखपाल मौजूद रहे। टीम ने संबंधित भूमि पर लाल झंडी लगाकर कुर्की की कार्रवाई पूरी की।
