फर्जी लोन ऐप, डिजिटल अरेस्ट, UPI और OTP फ्रॉड के प्रति किया जागरूक, साइबर ठगी होने पर 1930 पर शिकायत करने की अपील
बहराइच, 25 नवंबर। पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में राष्ट्रीय साइबर जागरूकता अभियान के तहत जनपद बहराइच के सभी थानों की पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान आमजन और विद्यार्थियों को विभिन्न प्रकार के साइबर अपराधों की जानकारी देकर उनसे बचाव के उपाय बताए गए।

कार्यक्रमों में फर्जी लोन ऐप, सोशल मीडिया अकाउंट हैकिंग, डिजिटल अरेस्ट, UPI फ्रॉड, OTP फ्रॉड और KYC धोखाधड़ी के बारे में जागरूक किया गया। पुलिस टीमों ने लोगों को मोबाइल फोन और सोशल मीडिया अकाउंट में टू-स्टेप वेरिफिकेशन तथा टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन सक्रिय रखने की सलाह दी।
इसके साथ ही मजबूत पासवर्ड का प्रयोग करने और अनजान लिंक या APK फाइल डाउनलोड एवं इंस्टॉल न करने के प्रति भी जागरूक किया गया।
बहराइच पुलिस ने साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा www.cybercrime.gov.in पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन शिकायत करने की जानकारी दी।

पुलिस ने आमजन से अपील की कि वे साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध साइबर गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

