सरस्वती शिशु मंदिर की छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों को बांधी राखी, सुरक्षा एवं विश्वास का दिया संदेश

आगामी रक्षाबंधन पर्व के दृष्टिगत आज सरस्वती शिशु मंदिर, बहराइच की छात्राओं एवं शिक्षकगण द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह एवं अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी को राखी बांधकर रक्षाबंधन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।

इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों द्वारा छात्राओं का आत्मीयता एवं स्नेहपूर्वक स्वागत किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद प्रदान किया गया। पुलिस अधीक्षक महोदय ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व ही नहीं, बल्कि विश्वास, सुरक्षा, सम्मान एवं जिम्मेदारी के संकल्प का भी प्रतीक है। जनपद बहराइच पुलिस महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान एवं गरिमा सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है तथा सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराने हेतु पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।

राखी बांधने के इस आत्मीय अवसर पर छात्राओं एवं पुलिस अधिकारियों के मध्य सौहार्दपूर्ण संवाद हुआ। छात्राओं ने पुलिस अधिकारियों के प्रति सम्मान एवं विश्वास व्यक्त करते हुए रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं, वहीं पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं को निडर होकर आगे बढ़ने, शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने तथा अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस एवं छात्राओं के मध्य अपनत्व, विश्वास और सुरक्षा की भावना और अधिक सुदृढ़ होती दिखाई दी। रक्षाबंधन की पावन डोर ने पुलिस एवं समाज के बीच सहयोग एवं संवेदनशील संबंधों को एक नई मजबूती प्रदान की।
“राखी का बंधन—स्नेह, सम्मान और सुरक्षा का संकल्प।”
“रिश्तों की डोर विश्वास से मजबूत होती है,
और सुरक्षा का संकल्प समाज को सशक्त बनाता है।”
कार्यक्रम हर्षोल्लास, आत्मीयता एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।
