अलीगंज। विधानसभा स्तरीय मतदाता साक्षरता एवं जागरूकता अभियान के तहत ईएलसी (इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब) के तत्वावधान में सोमवार को जनता इंटर कॉलेज कैल्ठा अलीगंज में निबंध एवं क्विज प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में अलीगंज क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का आयोजन कार्यक्रम प्रभारी एवं डीएवी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. होम सिंह कुशवाहा की देखरेख में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस दौरान नायब तहसीलदार हिमांशु पांडे ने प्रतियोगिता स्थल पर पहुंचकर आयोजन का निरीक्षण किया तथा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदान के महत्व, लोकतांत्रिक व्यवस्था, मतदाता अधिकारों और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया गया। अधिकारियों ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक मतदाता की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। युवाओं में मतदान के प्रति जागरूकता पैदा करना आवश्यक है, जिससे वे स्वयं जागरूक होने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित कर सकें।

इस अवसर पर अलीगंज क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों से आए ईएलसी नोडल अधिकारी, प्रतिभागी छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। जनता इंटर कॉलेज कैल्ठा का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक मूल्यों और मतदाता जागरूकता का संदेश दिया गया।
