मतदाता साक्षरता क्लब के माध्यम से युवाओं को किया जागरूक

18 से 19 वर्ष के छात्र-छात्राओं को मतदाता बनने की दी जानकारी, किया प्रेरित

अलीगंज। युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने और मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मतदाता साक्षरता क्लब के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। क्षेत्र के रतनपाल सिंह श्यामलता महाविद्यालय नगला सिमर तथा भूमिराज सिंह लीलावती महाविद्यालय नगला कटरा में छात्र-छात्राओं को मतदाता बनने की प्रक्रिया और मतदान के महत्व की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को विशेष रूप से जागरूक किया गया।

इस दौरान एबीएसए विनोद कुमार ने कहा कि युवा किसी भी देश का भविष्य होते हैं और लोकतंत्र को मजबूत बनाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले प्रत्येक युवा को मतदाता बनने के लिए आगे आना चाहिए। मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि देश और समाज के प्रति जिम्मेदारी भी है। युवाओं को चाहिए कि वे स्वयं मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराएं और अपने आसपास के अन्य पात्र लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

उन्होंने विद्यार्थियों को जानकारी दी कि जिन युवाओं की आयु 18 वर्ष पूरी हो चुकी है और अभी तक उनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं हुआ है, वे अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी से संपर्क कर मतदाता बनने के लिए आवेदन कर सकते हैं। साथ ही छात्र-छात्राओं से अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक करने की अपील की गई।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में प्रत्येक मत का अपना महत्व है। मतदान के माध्यम से ही नागरिक अपनी पसंद के प्रतिनिधि का चयन करते हैं। ऐसे में युवाओं की भागीदारी बढ़ना आवश्यक है। मतदाता साक्षरता क्लब के माध्यम से नई पीढ़ी को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक सत्येंद्र कुमार, तथा एबीएसए विनोद कुमार शिव गौरव दीक्षित सहित विद्यालयों के शिक्षक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *