युवक की मौत पर भड़का आक्रोश, हत्या का आरोप लगाकर हाईवे जाम

कार्रवाई की मांग पर अड़े परिजन, पुलिस के आश्वासन पर खुला जाम

बहराइच।:- कैसरगंज थाना क्षेत्र के गोड़हिया नंबर एक के मजरा गोडियन पुरवा निवासी करीब 20 वर्षीय कुलदीप पुत्र चेतराम का शव नदी से मिलने के बाद रविवार शाम बरखुरद्वारापुर चौराहे पर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद शव पहुंचते ही सैकड़ों ग्रामीणों ने परिजनों के साथ नेशनल हाईवे जाम कर दिया। परिजनों ने युवक की डूबने से मौत की बात मानने से इनकार करते हुए हत्या का आरोप लगाया और मुकदमा दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

हाईवे जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।

सूचना पर सीओ धीरेन्द्र कुमार श्रीवास्तव और थानाध्यक्ष राजकुमार पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। सीओ ने मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच कराने तथा जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर रवाना हुए और करीब एक घंटे बाद हाईवे पर यातायात बहाल हो सका।

घटना की जानकारी मिलने पर विकासशील इंसान पार्टी के जिला प्रभारी अनिल कुमार निषाद भी मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों से मुलाकात कर हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *