सेवा रंग राष्ट्र के संग अभियान के तहत 75×75 की भव्य रंगोली में सजे विकास के रंग
मेडिकल कॉलेज से लेकर पावर प्लांट तक की उपलब्धियों को मिला स्थान
एटा। विकसित भारत-2047 की परिकल्पना को रंगों के माध्यम से साकार करते हुए अविनाशी सहाय आर्य विद्यालय में छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘सेवा रंग राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम में छात्राओं ने 75×75 आकार की आकर्षक रंगोली बनाकर विकसित भारत के साथ विकसित एटा की तस्वीर उकेरी। रंगोली में जिले के विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं और स्थानीय पहचान को इस खूबसूरती से दर्शाया गया कि रंगों के माध्यम से विकास की एक प्रेरक कहानी सामने आई।

कार्यक्रम में छात्राओं ने अपनी कलात्मक सोच और कल्पनाशीलता का परिचय देते हुए एटा के विकास से जुड़े प्रमुख कार्यों को रंगोली में स्थान दिया। इसमें मालवन स्थित पावर प्लांट, मेडिकल कॉलेज एटा, ओडीएफ जलेसर घुंघरू-घंटी जैसी स्थानीय पहचान को दर्शाया गया। रंगों और आकृतियों के समन्वय से तैयार इस रंगोली का उद्देश्य छात्राओं के भीतर राष्ट्र निर्माण की भावना जागृत करने के साथ ही वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने की परिकल्पना से जोड़ना रहा। इस आकर्षक रंगोली को तैयार करने में 11 छात्राओं ने सहभागिता की। इनमें कुमारी दीक्षा, कुमारी दीप्ति, कुमारी कीर्ति, कुमारी अनामिका, कुमारी अंजली, कुमारी अदिति, कुमारी शालिनी, कुमारी वंदना, कुमारी सुरभि, कुमारी मोनिका और कुमारी सुकृति शामिल रहीं। छात्राओं ने विभिन्न रंगों का सुंदर संयोजन करते हुए विकास कार्यों को कलात्मक रूप प्रदान किया। उनकी मेहनत, रचनात्मकता और सामूहिक प्रयास ने कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान किया।

सरकारी योजनाओं के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। छात्राओं को विकास की अवधारणा, राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका और समाज के प्रति जिम्मेदारियों से अवगत कराया गया। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश देने का प्रयास किया गया कि विकसित भारत का सपना केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि जागरूक नागरिकों, युवाओं की सक्रिय भागीदारी और सामूहिक संकल्प से साकार होगा। कार्यक्रम की संयोजक जिला उपाध्यक्ष कुमारी आशीष राजपूत तथा सहसंयोजक राजकुमारी सीमा वार्ष्णेय रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ और रंगोली का अवलोकन जिला प्रभारी नागेंद्र सिकरवार ने किया। उन्होंने छात्राओं के प्रयासों और उनकी रचनात्मक प्रस्तुति को देखा। इस अवसर पर अल्पसंख्यक मोर्चा के सदस्य संदीप जैन, उपाध्यक्ष अमित गुप्ता, राजेश, अर्चना, डोली और कल्पना गुप्ता सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
दिलीप सिंह मॉडल ब्यूरो एटा
