नवनीत कुमार सिंह मोतिहारी
मोतिहारी अरेराज आगामी दशहरा विजयादशमी महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से अनुमंडल प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है।

इसी क्रम में अनुमंडल पदाधिकारी सुजीत कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पंकज कुमार मिश्रा ने संयुक्त रूप से प्रखंड विकास पदाधिकारी आदित्य नारायण दीक्षित तथा नगर अध्यक्ष श्री रंटु पांडेय के साथ कलश यात्रा मार्गों और मूर्ति विसर्जन स्थलों का सघन स्थल निरीक्षण किया।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कलश यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था, रूट चार्ट और विधि-व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।
सुरक्षा व बैरिकेडिंग को लेकर दिए कड़े निर्देश सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से अधिकारियों ने इजार बिनटोली घाट पर पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति करने का निर्देश दिया। वहीं, निरीक्षण के क्रम में सेवरहा नहर स्थित पुल की रेलिंग कुछ जगहों पर टूटी पाई गई, जिस पर त्वरित संज्ञान लेते हुए प्रशासन ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से तत्काल बांस-बल्ले से मजबूत बैरिकेडिंग कराने का सख्त निर्देश दिया ताकि किसी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।
अफवाह फैलाने और हुड़दंगियों पर रहेगी पैनी नजर प्रशासनिक अधिकारियों ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की आपत्तिजनक या भड़काऊ सामग्री पोस्ट करने से बचें। अधिकारियों ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी दी कि शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास करने वाले या हुड़दंग मचाने वाले शरारती तत्वों को बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
