अलीगंज। विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 को लेकर निर्वाचन आयोग ने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को कस्बा अलीगंज स्थित नवीन तहसील के एसडीएम कार्यालय में एसडीएम डॉ. शशि शेखर की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूचियों के मिलान और नए पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने की प्रक्रिया को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश कार्यालय से जारी पत्र के अनुसार एक जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानते हुए विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूचियों का पंचायत एवं नगरीय निकाय की निर्वाचक नामावलियों से मिलान कराया जाएगा। इसके लिए 10 नवंबर 2026 तक विशेष सावधानी के साथ मिलान कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
निर्देशों के तहत ऐसे पात्र नागरिकों को चिह्नित किया जाएगा, जिनका नाम पंचायत या नगरीय निकाय की मतदाता सूची में दर्ज है, लेकिन विधानसभा की मतदाता सूची में शामिल नहीं है। ऐसे नागरिकों के नाम निर्धारित प्रक्रिया के तहत विधानसभा मतदाता सूची में शामिल कराए जाएंगे।
इसके लिए बूथ लेवल अधिकारियों को घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन करने और आवश्यक अभिलेख एकत्र करने के निर्देश दिए गए हैं। मतदाताओं के पंजीकरण के लिए फार्म-6 भरवाया जाएगा। आवेदन के साथ नवीनतम रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो, मोबाइल नंबर और अन्य आवश्यक दस्तावेज सुनिश्चित किए जाएंगे।
बैठक में तहसीलदार संजय कुमार, नायब तहसीलदार वरूण कुमार,वीडियो शिव शंकर शर्मा, खाद्य पूर्ति अधिकारी धारणा सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
