अलीगंज बघार पुलिया पर रोडवेज बस और पिकअप की भीषण भिड़ंत, चालक की मौत

टक्कर में दो लोग गंभीर घायल, बस चालक मौके से फरार

अलीगंज। अलीगंज-कायमगंज मार्ग पर बघार पुलिया के पास मंगलवार को रोडवेज बस और महिंद्रा पिकअप की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में पिकअप चालक की मौत हो गई, जबकि बस के परिचालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को एटा रेफर कर दिया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिंद्रा पिकअप कायमगंज की ओर से अलीगंज आ रही थी। इसी दौरान एटा की तरफ से आ रही आगरा डिपो की रोडवेज बस संख्या यूपी 85 डीटी 4025 की बघार पुलिया के पास पिकअप से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोडवेज बस पिकअप के अंदर तक घुस गई। पिकअप पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक विपिन यादव स्टेयरिंग में फंस गया।

चालक को निकालने में करनी पड़ी मशक्कत

सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों तरफ बैरिकेडिंग कर मार्ग पर आवागमन कुछ देर के लिए रोक दिया। इसके बाद बुलडोजर और क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे कराया गया। काफी मशक्कत के बाद पिकअप में फंसे चालक विपिन यादव को बाहर निकाला गया। सीएचसी में चिकित्सकों ने पिकअप चालक को मृत घोषित कर दिया।

परिचालक समेत दो गंभीर घायल

हादसे में 48 वर्षीय रोडवेज परिचालक कन्हैयालाल पुत्र मनीराम निवासी नगला सीता, थाना हाईवे, मथुरा तथा 35 वर्षीय रिहान पुत्र इरशाद निवासी कायमगंज गंभीर रूप से घायल हुए। चिकित्सकों ने दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद एटा रेफर कर दिया। मृतक की पहचान 40 वर्षीय विपिन यादव निवासी शालिग्राम, छिबरामऊ के रूप में हुई है।

बस चालक मौके से भागा

रोडवेज परिचालक कन्हैयालाल ने बताया कि बस करीब 30-35 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से एटा की ओर से आ रही थी। सामने से पिकअप तेज गति से आई और दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद बस चालक वाहन से कूदकर मौके से भाग गया। बस में करीब सात सवारियां थीं। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु एटा भेजा ।पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

दिलीप सिंह मडल ब्यूरो एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *