वीडियो में फायरिंग होते दिखने का विमलेश ने किया दावा, चाचा-चाची से मारपीट का भी आरोप
नयागांव। थाना नयागांव क्षेत्र के नगला गंजी गांव में घर में घुसकर गाली-गलौज और मारपीट करने तथा जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर करने के आरोप में न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। मामले में झम्मन उर्फ सुरेश पुत्र धर्मपाल सिंह निवासी नगला गंजी समेत 19 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि पांच अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है।

नगला गंजी निवासी विमलेश कुमार पुत्र शिव सिंह ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 24 अगस्त 2026 की शाम करीब पांच बजे झम्मन उर्फ सुरेश समेत आरोपी उसके घर में घुस आए। आरोप है कि आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर बचाने पहुंची उसकी चाची मंजू देवी और चाचा सर्विस के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की।
विमलेश कुमार का आरोप है कि इस दौरान जब परिवार के लोग बीच-बचाव करने लगे तो आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायर कर दिया। घटना के बाद मामले से संबंधित वीडियो भी सामने आया था।
विमलेश कुमार ने बताया कि घटना के समय का वीडियो उसके पास मौजूद है। उसके अनुसार, वीडियो में फायरिंग होते हुए दिखाई दे रही है। उसने पुलिस से वीडियो को भी जांच में शामिल कर मामले की कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
न्यायालय के आदेश के बाद थाना नयागांव पुलिस ने देर रात झम्मन उर्फ सुरेश समेत 19 नामजद और पांच अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।
थाना नयागांव के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि न्यायालय के आदेश पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है और मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी गई है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दिलीप सिंह मडल ब्यूरो एटा
