महिला से मारपीट, मासूम बच्ची को पटका और बेटे पर तमंचा ताना; जेवरात व ₹20 हजार की लूट
दिलीप सिंह एटा
जसरथपुर, एटा। अलीगंज सर्कल में लगातार हो रही चोरी और लूट की घटनाओं ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। शुक्रवार देर रात जसरथपुर थाना क्षेत्र के महाराजपुर गांव में सात नकाबपोश बदमाशों ने एक घर पर धावा बोल दिया। घर में महिला अपने एक वर्षीय बेटी और चार वर्षीय बेटे के साथ अकेली थी। आरोप है कि बदमाशों ने महिला के साथ मारपीट की और बच्चों को जान से मारने की धमकी देकर सोने-चांदी के आभूषण व करीब 20 हजार रुपये नकद लूट लिए।

बिजली के पोल के सहारे छत पर पहुंचे बदमाश
बताया गया कि बदमाश घर के पास लगे विद्युत पोल के सहारे छत पर पहुंचे। एक बदमाश मकान के अंदर उतरा और कुंडी खोल दी, जिसके बाद छह अन्य नकाबपोश भी घर में दाखिल हो गए। आरोप है कि बदमाशों ने महिला को पीटा और घर में रखे सामान को खंगालने के बाद नकदी व जेवरात लेकर फरार हो गए।
बच्चों को बनाया निशाना
पीड़िता के अनुसार, वारदात के दौरान बदमाशों ने उसकी एक वर्षीय बच्ची को उठाकर जमीन पर पटक दिया, जबकि चार वर्षीय बेटे की कनपटी पर तमंचा तानकर धमकाया। घटना में महिला और बच्ची घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए अलीगंज सीएचसी में भर्ती कराया गया।
एसएसपी-एएसपी ने मौके पर पहुंचकर की जांच
घटना की सूचना डायल 112 पर दी गई। वारदात की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. इलामारन और एएसपी श्वेताभ पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

एएसपी श्वेताभ पांडेय ने जल्द घटना का खुलासा किए जाने का भरोसा दिया है।
लगातार चौथी वारदात से बढ़ी चिंता
स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले करीब 15 दिनों में अलीगंज सर्कल में चोरी और लूट की यह चौथी बड़ी वारदात है। लगातार घटनाओं से ग्रामीणों में भय और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी बढ़ रही है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि लगातार हो रही वारदातों पर कब अंकुश लगेगा और पुलिस बदमाशों तक कब पहुंचेगी?
