29334 गणित-विज्ञान भर्ती के शिक्षकों को पदोन्नति सूची से बाहर रखने पर भड़का आक्रोश

अंतिम पदोन्नति पात्रता सूची में नाम शामिल न होने पर समस्त अध्यापकों ने जताई आपत्ति

समस्त अध्यापकों ने एकजुट होकर खंड शिक्षा अधिकारी को सौंपा आपत्ति पत्र

अलीगंज परिषदीय विद्यालयों में कार्यरत 29334 गणित-विज्ञान सीधी भर्ती के सहायक अध्यापकों को अंतिम पदोन्नति पात्रता सूची से बाहर रखे जाने का मामला तूल पकड़ने लगा है। विभाग की ओर से जारी प्रधानाध्यापक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के सहायक अध्यापकों की अंतिम पदोन्नति पात्रता सूची में 29334 गणित-विज्ञान भर्ती के अंतर्गत नियुक्त शिक्षकों के नाम शामिल नहीं किए जाने से शिक्षकों में नाराजगी है।

इसको लेकर विकास क्षेत्र अलीगंज में कार्यरत समस्त संबंधित अध्यापकों ने एकजुट होकर खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार को आपत्ति पत्र सौंपा और शासनादेशों के अनुरूप पदोन्नति प्रक्रिया में शामिल किए जाने की मांग उठाई।शिक्षकों ने अपने आपत्ति पत्र में उल्लेख किया कि वे सभी 29334 गणित-विज्ञान भर्ती के अंतर्गत उच्च प्राथमिक विद्यालयों में सहायक अध्यापक के पद पर कार्यरत हैं। उनकी मौलिक नियुक्ति 21 सितंबर 2015 को गणित-विज्ञान विषय के सहायक अध्यापक पद पर सीधी भर्ती प्रक्रिया के अंतर्गत हुई थी।

इसके बावजूद विभाग की ओर से जारी अंतिम पदोन्नति पात्रता सूची में उनका नाम सम्मिलित नहीं किया गया है। शिक्षकों का कहना है कि इस प्रकार उन्हें पदोन्नति के अवसर से वंचित किया जा रहा है, जबकि उनकी पात्रता और वरिष्ठता पर नियमानुसार विचार किया जाना चाहिए। आपत्ति पत्र में शासनादेशों की अनदेखी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया है। शिक्षकों ने बताया कि पदोन्नति के लिए पात्रता सूची तैयार करते समय 29334 गणित-विज्ञान सीधी भर्ती की नियुक्ति एवं वरिष्ठता निर्धारण से संबंधित शासनादेश संख्या 2651/79-5-12-1(04)/13, दिनांक 11 जुलाई 2013 तथा संशोधित शासनादेश संख्या 3016/79-5-2013, दिनांक 6 अगस्त 2013 के प्रावधानों का अनुपालन किया जाना आवश्यक है।

उनका आरोप है कि पात्रता सूची तैयार करने में इन शासनादेशों के अनुरूप सभी संबंधित अध्यापकों की पात्रता और वरिष्ठता पर विचार नहीं किया गया। शिक्षकों ने यह भी कहा कि पदोन्नति जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रिया में किसी भी संवर्ग के पात्र अध्यापकों को नजरअंदाज करना उचित नहीं है।

सभी शिक्षकों को समान अवसर मिलना चाहिए और नियमों के आधार पर उनकी सेवा संबंधी स्थिति का परीक्षण किया जाना चाहिए। उन्होंने विभाग से आपत्ति को गंभीरता से लेते हुए सूची में आवश्यक संशोधन करने की मांग की है। शिक्षकों ने सचिव बेसिक शिक्षा परिषद की ओर से 9 जुलाई 2025 को जारी निर्देशों का हवाला देते हुए भी मामले में नियमानुसार कार्रवाई की अपेक्षा जताई।

उन्होंने मांग की कि 29334 गणित-विज्ञान सीधी भर्ती के अंतर्गत नियुक्त सभी सहायक अध्यापकों के नाम अंतिम पदोन्नति पात्रता सूची में सम्मिलित किए जाएं। इस दौरान अवनीश तोमर, अमित कुमार, असित द्विवेदी, सुधीर सिंह, शिवांगी सिंह, साधना सक्सेना, आरजू पाल, राजीव कुमार, सुनील कुमार, सीमा यादव सहित समस्त गणित-विज्ञान भर्ती के अध्यापक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *