मंडलायुक्त के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई, महिला उत्पीड़न का आरोपी गिरफ्तार

गोण्डा। देवीपाटन मंडल के आयुक्त के कड़े निर्देश पर एक महिला उत्पीड़न के मामले में तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

मामला गोण्डा शहर का है, जहां एक विवाहिता ने मंडलायुक्त को प्रार्थना पत्र सौंपकर पड़ोस में रहने वाले एक युवक पर यौन उत्पीड़न, गाली-गलौज और धमकी देने के गंभीर आरोप लगाए। पीड़िता ने बताया कि आरोपी आए दिन उनका पीछा करता है, छेड़छाड़ और अभद्र टिप्पणियां करता है।

छत पर जाने के दौरान वह अश्लील इशारे करता है। इसके अलावा, एक दिन स्कूल छोड़ने के दौरान रास्ते में मिलकर मारपीट की धमकी दी, जिससे पीड़िता भयभीत और मानसिक रूप से परेशान है। उन्होंने मंडलायुक्त से न्याय और सुरक्षा की गुहार लगाई। मंडलायुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक गोण्डा को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

एसपी ने संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराई, और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रशासन महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार की “मिशन शक्ति” अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मंडलायुक्त ने यह भी चेतावनी दी कि महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *