
राजनीतिक दलों से 4 नवम्बर तक बूथ एजेंटों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश
सभी प्रमुख दलों के पदाधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी रहे मौजूद
संतकबीरनगर।जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, उप जिला निर्वाचन अधिकारी जयप्रकाश, मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी सहित प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
डीएम ने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी किया गया है। इस प्रक्रिया में पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में जोड़ा जाएगा तथा मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाए जाएंगे।
उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से अपील की कि वे अपने बूथ लेवल एजेंटों की सूची 4 नवम्बर 2025 तक जिला निर्वाचन कार्यालय में जमा करें ताकि समय से कार्यवाही की जा सके।
डीएम ने निर्देश दिए कि बूथ लेवल अधिकारी (BLO) द्वारा ईयूरेशन फॉर्म वितरण के बाद पुनः संकलन कर सूची का सत्यापन किया जाए। सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को बूथवार जांच कर पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में त्रुटि पाए जाने पर बूथ एजेंट आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।
डीएम आलोक कुमार ने कहा कि “स्वच्छ, सटीक और पारदर्शी मतदाता सूची लोकतंत्र की बुनियाद है, इसे सभी की सहभागिता से सफल बनाया जा सकता है।”
बैठक में नीतू सिंह (भाजपा), रामदरश (समाजवादी पार्टी), सुशील पाण्डेय (कांग्रेस), ब्रहमदेव सिंह सैथवार (आप), सचिन सिंह सैथवार व रवि यादव (अपना दल एस), रूस्तम अली (सीपीआई मार्क्सवादी), अभिषेक कुमार (बसपा), गणेश पाण्डेय, कौशलेश सिंह, विनोद पाण्डेय (भाजपा), और हरिबक्स सिंह (शिक्षक एमएलसी प्रतिनिधि) मौजूद रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों में अरुण कुमार, संजीव राय, डॉ. सुनील कुमार, रामजी, धर्मेन्द्र कुमार मिश्रा, कुलदीप कुमार, और सुरेश कुमार सरोज सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी से मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में पूर्ण सहयोग का अनुरोध किया और धन्यवाद ज्ञापित किया।
