एसडीएम नेहा मिश्रा ने कराया बूथवार प्रशिक्षण, ई-एफ डिजिटाइजेशन में तेजी लाने के निर्देश

कर्नलगंज, गोंडा। विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची को अद्यतन और त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से उपजिलाधिकारी कर्नलगंज नेहा मिश्रा ने बुधवार को बीएलओ, पर्यवेक्षकों, एईआरओ और सप्लाई इंस्पेक्टरों का बूथवार प्रशिक्षण सत्र आयोजित कराया।

प्रशिक्षण के दौरान एसडीएम ने प्रत्येक बूथ पर चल रहे ई-एफ (इलेक्ट्रोरल फॉर्म) के डिजिटाइजेशन कार्य की विस्तृत समीक्षा की और निर्देश दिए कि सभी प्रपत्र निर्धारित समय सीमा के भीतर शत-प्रतिशत डिजिटाइज किए जाएं। उन्होंने कहा कि घर-घर सत्यापन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बीएलओ को सख्त निर्देश दिए गए कि जिन फॉर्मों में त्रुटियां पाई जा रही हैं, उनका तत्काल सुधार कर अपलोड सुनिश्चित करें। साथ ही धीमी प्रगति वाले बूथों पर विशेष निगरानी रखने और दैनिक रिपोर्टिंग अनिवार्य करने को कहा गया। एसडीएम ने बताया कि निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन के अनुसार मतदाता सूची को संपूर्ण, सटीक और अपडेट रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से छूटने न पाए और अनुपयुक्त प्रविष्टियों को समय रहते निरस्त किया जाए। प्रशिक्षण में ईवीएम वीवीपैट जागरूकता, फॉर्म-6, 6ए, 7, 8 और 8ए के सही भराव एवं अपलोडिंग की प्रक्रिया पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। अंत में एसडीएम ने सभी अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य समय पर पूरा करने का निर्देश देते हुए कहा कि प्रगति की समीक्षा प्रतिदिन की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *