मण्डलायुक्त ने SIR कार्यों की समीक्षा की, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण आउटपुट सुनिश्चित करने के निर्देश

संतकबीरनगर।बस्ती मण्डल के मण्डलायुक्त अखिलेश सिंह की अध्यक्षता में मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) कार्य की अद्यतन स्थिति और प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी आलोक कुमार, एडीएम (वित्त/राजस्व) जयप्रकाश, एडीएम (न्यायिक) चंद्रेश कुमार सिंह एवं सीडीओ जयकेश त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

समीक्षा के दौरान मण्डलायुक्त ने निर्देशित किया कि SIR कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो और भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्रों का वितरण करें तथा भरवाए गए प्रपत्रों को BLO एप पर समय से डिजिटाइज करें।

जिलाधिकारी आलोक कुमार ने बताया कि जनपद में कुल 1438 बीएलओ तैनात हैं, जिनमें से 1430 प्रशिक्षित हैं। जनपद के तीनों विधानसभाओं में कुल 13,37,186 मतदाता दर्ज हैं। अब तक 13,22,398 गणना प्रपत्र वितरित किए जा चुके हैं, जबकि 39,860 प्रपत्र BLO एप पर डिजिटाइज्ड हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि कार्यों की नियमित समीक्षा की जा रही है।

मण्डलायुक्त ने सभी ईआरओ/एईआरओ व संबंधित अधिकारियों को SIR कार्य में तेजी लाते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में उपायुक्त मनरेगा प्रभात द्विवेदी, उपायुक्त एनआरएलएम प्रवीण मिश्र, जिला विकास अधिकारी प्रेम प्रकाश त्रिपाठी, परियोजना निदेशक विजयंत कुमार सिंह, एसडीएम धनघटा डॉ. सुनील कुमार, एसडीएम खलीलाबाद, एसडीएम मेहदावल संजीव राय, तहसीलदार आनंद ओझा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *