अलीगंज में डांस विवाद के बाद मारपीट, तीन लोग गंभीर रूप से घायल डांस को लेकर बढ़ा विवाद, तमंचे की बट और लाठियों से हमला

अलीगंज के प्रिया गार्डन में आयोजित एक विवाह समारोह के दौरान डीजे पर डांस को लेकर विवाद हो गया विवाद इतना बढ़ गया कि मारपीट में तब्दील हो गया, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना गुरुवार और शुक्रवार की मध्य रात्रि की है। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान तमंचे की बट, लाठी-डंडों सहित अन्य हथियारों का भी इस्तेमाल किया गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, मदनलाल अपने परिजनों के साथ बारात में शामिल होने प्रिया गार्डन आए थे। डांस फ्लोर पर नाच रहे कुछ युवकों ने कथित रूप से उन्हें धक्का दे दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। इसी दौरान आरोप है कि उन युवकों ने मदनलाल के 15 वर्षीय भतीजे अभिनय के साथ मारपीट कर दी।

मदनलाल के अनुसार जब वे अपने भतीजे को बचाने के लिए आगे बढ़े और मैरिज होम से बाहर निकल रहे थे, तभी कुछ अज्ञात लोगों ने पीछे से उन पर तमंचे की बट से हमला कर दिया। जिसमे तीन लोग फर्दपुरा निवासी 31 वर्षीय मदनलाल, 28 वर्षीय राहुल और 28 वर्षीय आदित्य कुमार गंभीर रूप से घायल हुए।

घायल राहुल ग्राम फर्दपुरा में पंचायत सहायक के पद पर तैनात हैं। शोरगुल बढ़ने पर मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया। घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज ले जाया गया, जहां रात करीब 1 बजे उनका चिकित्सीय परीक्षण किया गया। पीड़ित पक्ष ने मामले की लिखित शिकायत कोतवाली अलीगंज पुलिस को सौंप दी है।

कोतवाली अलीगंज प्रभारी निरीक्षक निर्दोष सिंह सेंगर ने बताया कि घायलों का परीक्षण रात में ही कराया गया है। प्राप्त तहरीर के आधार पर पुलिस घटना की जांच में जुट गई है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *