सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर निबंध, वाद-विवाद व चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित

जनता इंटर कॉलेज कैल्ठा में प्रतिभाओं ने दिखाई चमक, कई छात्र-छात्राओं ने हासिल किए शीर्ष स्थान

अलीगंज। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष में राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तहसील स्तर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन जनता इंटर कॉलेज कैल्ठा में किया गया। इस अवसर पर निबंध, वाद-विवाद और चित्रकला प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में एकता, राष्ट्र जागरूकता, विचार अभिव्यक्ति तथा कला-संवेदनशीलता को विकसित करना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण तथा राष्ट्र की एकता पर आधारित प्रेरक भाषणों के साथ हुई।

इसके बाद निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय एकीकरण, पटेल के योगदान और सामाजिक जागरूकता जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। निबंध प्रतियोगिता में जनता इंटर कॉलेज की कक्षा 10 की छात्रा दीक्षा यादव ने प्रथम स्थान प्राप्त कर अपने विद्यालय का नाम रोशन किया।

वहीं द्वितीय स्थान डीएवी इंटर कॉलेज की छात्रा स्वाती शाक्य ने अर्जित किया। निर्णायक मंडल ने दोनों छात्राओं की भाषा शैली, तथ्यात्मक प्रस्तुति और विषय प्रवाह की विशेष सराहना की। वाद-विवाद प्रतियोगिता में भी छात्रों का उत्साह देखते ही बनता था। प्रतिभागियों ने अपने विषयों पर गहन शोध और स्पष्ट अभिव्यक्ति के साथ प्रभावशाली तर्क रखे। इस प्रतियोगिता में जनता इंटर कॉलेज की भूमिका ने प्रथम स्थान हासिल किया।

उनके प्रभावशाली तर्क और आत्मविश्वासपूर्ण प्रस्तुति ने निर्णायकों को विशेष रूप से प्रभावित किया। द्वितीय स्थान पर डीएवी इंटर कॉलेज की मेहरा राजपूत रहीं, जिन्होंने अपने तर्कों से प्रतियोगिता को और भी रोचक बना दिया। चित्रकला प्रतियोगिता में छात्रों ने रंगों के माध्यम से एकता, शांति और देशभक्ति के भावों को उकेरा।

अनेक प्रभावशाली कृतियों में से गौतम बुद्ध इंटर कॉलेज की छात्रा काजल शाक्य ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जिनकी चित्रकला में राष्ट्रीय भावना और कलात्मक संतुलन स्पष्ट नजर आया। द्वितीय स्थान पर जनता इंटर कॉलेज की कोमल शाक्य रहीं, जिन्होंने अपनी रचनात्मकता से सभी का ध्यान आकर्षित किया।

प्रतियोगिताओं का मूल्यांकन जनता इंटर कॉलेज के संतोष यादव द्वारा किया गया, जिन्होंने सभी प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ छात्रों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम में राम बहादुर, आनंद तिवारी, रोहित, श्याम बहादुर समेत अन्य शिक्षकगण उपस्थित रहे।

उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य डॉ. धर्मेंद्र कुमार ने सभी विजेता एवं प्रतिभागी छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि सरदार पटेल का जीवन अनुशासन, एकता और राष्ट्रीय समर्पण का प्रतीक है, जिन्हें युवा पीढ़ी को आत्मसात करने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों eta

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *