सीओ अलीगंज ने किया थाना जसरथपुर का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश

थाना परिसर से लेकर मिशन शक्ति डेस्क तक सभी व्यवस्थाओं की गहन जांच

पुलिस कर्मियों को संवेदनशीलता के साथ दायित्व निभाने के निर्देश

अलीगंज।क्षेत्राधिकारी अलीगंज द्वारा थाना जसरथपुर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना परिसर की समग्र व्यवस्था को परखा और विभिन्न शाखाओं का बारीकी से परीक्षण किया।

उन्होंने अभिलेख प्रबंधन, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, महिला सहायता डेस्क, सीसीटीएनएस यूनिट, कंप्यूटर कक्ष, आगंतुक रजिस्टर और शौचालयों की साफ-सफाई की स्थिति का गहन निरीक्षण किया। सीओ ने स्पष्ट किया कि थाने में रखे सभी अभिलेख अद्यतन और सुव्यवस्थित होने चाहिए, ताकि किसी भी कार्रवाई में देरी न हो।

निरीक्षण के दौरान मिशन शक्ति एवं साइबर हेल्प डेस्क की भी समीक्षा की गई, जहां कुछ कमियां पाई गईं। क्षेत्राधिकारी ने संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि इन खामियों को शीघ्र दूर किया जाए और महिला सुरक्षा एवं साइबर अपराधों से संबंधित शिकायतों के निस्तारण में कोई लापरवाही न हो।

उन्होंने यह भी कहा कि महिला हेल्प डेस्क को और अधिक सशक्त बनाते हुए महिलाएं एवं बालिकाएं बिना संकोच अपनी शिकायतें दर्ज करा सकें, यह सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर थाना प्रभारी जसरथपुर ने थाना क्षेत्र की अपराध स्थिति, लंबित प्रकरणों, वांछित एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी की प्रगति सहित चल रहे अभियानों की विस्तृत जानकारी दी।

क्षेत्राधिकारी ने लंबित विवेचनाओं की साप्ताहिक समीक्षा कर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि अनावश्यक रूप से लंबित पड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए, ताकि पीड़ितों को समय से न्याय मिल सके। सीओ अलीगंज ने थाने में आने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ शालीनता, सहानुभूति और संवेदनशीलता के साथ व्यवहार करने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने कहा कि पुलिस का प्रथम दायित्व जनता को सुरक्षा व विश्वास प्रदान करना है। ऐसे में प्रत्येक पुलिसकर्मी अपने कार्य में निष्ठा, तत्परता और जनसेवा की भावना को सर्वोपरि रखें। निरीक्षण के बाद उन्होंने पुलिस कर्मियों को अपने दायित्वों का निर्वाह पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करने हेतु प्रेरित किया। क्षेत्राधिकारी ने कहा कि थाने की समग्र छवि पुलिस कर्मियों के आचरण, कार्यशैली और जनता के प्रति व्यवहार से निर्मित होती है, इसलिए प्रत्येक स्तर पर सुधार और पारदर्शिता आवश्यक है।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *