‘कर्तव्य’ नाटक और रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों का जीता दिल
अलीगंज। अलीगंज पब्लिक स्कूल का प्रथम वार्षिक उत्सव अत्यंत भव्यता और उल्लास के साथ आयोजित किया गया, जिसने शिक्षा, अनुशासन और सांस्कृतिक विविधता का शानदार संगम प्रस्तुत किया। समारोह मे न केवल छात्रों की प्रतिभा को मंच प्रदान किया, बल्कि विद्यालय की प्रगति और उत्कृष्ट आयोजन क्षमता को भी उजागर किया।

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सत्यपाल सिंह राठौर की गरिमामयी उपस्थिति ने कार्यक्रम को विशेष गौरव प्रदान किया उनके साथ, प्रशासनिक और पुलिस विभाग के प्रतिष्ठित अधिकारी, एसडीएम अलीगंज जगमोहन गुप्ता, सीओ नीतीश गर्ग, एसएचओ निर्दोष सिंह सेंगर, तथा डॉ. शरद गंगवार सहित विधायक पुत्र सूरज राठौड़ और जीतू राठौर सहित अन्य अलीगंज की कई प्रतिष्ठित हस्तियाँ सम्मिलित हुईं।

अतिथियों के आगमन पर, विद्यालय प्रबंधन ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर और भारतीय परंपरा अनुसार तिलक लगाकर हार्दिक स्वागत किया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ पवित्र गणेश वंदना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके बाद छात्रों ने मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत कर एक मनमोहक वातावरण का निर्माण किया।
तत्पश्चात, मंच पर रंगारंग प्रस्तुतियों की झड़ी लग गई। नर्सरी, एलकेजी, यूकेजी, फर्स्ट और सेकंड क्लास के नन्हे-मुन्नों ने आत्मविश्वास के साथ रैंप वॉक और आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए, जो विशेष रूप से सराहे गए। समारोह का मुख्य आकर्षण ‘कर्तव्य’ थीम पर आधारित विद्यालय नाटक का सशक्त मंचन रहा।
इस नाटक ने दर्शकों को सामाजिक जिम्मेदारी और नैतिक मूल्यों का गहरा संदेश दिया, जिसने सभी को भावुक कर दिया। सामूहिक प्रस्तुतियों में, कक्षा 6, 7 और 8 के छात्रों द्वारा प्रस्तुत किया गया ह्यूमन पिरामिड अद्भुत संतुलन, टीमवर्क और शारीरिक कौशल का परिचायक था, जिसकी दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से प्रशंसा की। सभी वरिष्ठ छात्रों द्वारा सामूहिक प्रदर्शन और कक्षा-वार अंतिम प्रस्तुति दी गई, जो उनके कठिन परिश्रम और कला के प्रति समर्पण को दर्शातीथी। समारोह का समापन सामूहिक राष्ट्रगान के साथ हुआ।

विधायक सत्यपाल सिंह राठौड़ ने बताया कि इन सांस्कृतिक गतिविधियों ने विद्यार्थियों को कला, अभिव्यक्ति और कौशल का संतुलित विकास प्रदान किया है, जो उनके सर्वांगीण व्यक्तित्व-विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यह प्रथम वार्षिक उत्सव छात्रों की प्रतिभा, समर्पण और बेहतर भविष्य की दिशा में उनके निरंतर प्रयासों का सशक्त प्रमाण है।
दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश
